राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर गोरखपुर में पोस्टर वॉर: सपा नेता सहित 3 गिरफ्तार, मची खलबली

punjabkesari.in Monday, Jul 13, 2026 - 07:28 AM (IST)

Gorakhpur News: अयोध्या स्थित राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गबन को लेकर समाजवादी पार्टी की ओर से गोरखपुर में एक विवादित पोस्टर लगाए जाने के बाद पुलिस ने सपा के एक नेता समेत 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने  यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि शनिवार को शास्त्री चौक पर लगाए गए विवादित पोस्टर के मामले में सपा नेता अरविंद उपेंद्र शुक्ला को गिरफ्तार कर विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद जेल भेज दिया गया। पोस्टर में कथित तौर पर भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए नारे लिखे गए थे। इस संबंध में शास्त्री चौक पुलिस चौकी प्रभारी घनश्याम उपाध्याय की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। शुक्ला के अलावा, इस मामले में मजदूर भरत निषाद और पेंटर रामचंद्र मौर्य को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार कार्यकर्ताओं से मिलेंगे सपा सांसद
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) निमिष पाटिल ने कहा कि विवादित पोस्टर की जानकारी मिलते ही ऐसे सभी बैनर हटवा दिए गए। बिना अनुमति इन्हें लगाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है। सपा के जिलाध्यक्ष बृजेश गौतम ने बताया कि बलिया से पार्टी के सांसद सनातन पांडे सोमवार को गोरखपुर आएंगे और जेल में बंद सपा नेता, अन्य गिरफ्तार लोगों तथा उनके परिजनों से मुलाकात करेंगे।

सपा का डबल इंजन सरकार पर निशाना, बड़े आंदोलन की चेतावनी
पुलिस की कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित बताते हुए गौतम ने आरोप लगाया कि प्रशासन इसलिए नाराज है क्योंकि पोस्टर के जरिए डबल इंजन सरकार का असली चेहरा उजागर किया गया है। उन्होंने कहा कि शहर में बिना अनुमति खंभों और सार्वजनिक स्थानों पर कई पोस्टर लगे हुए हैं, लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती। हम गिरफ्तार कार्यकर्ताओं की रिहाई के लिए सभी कानूनी विकल्प अपनाएंगे। गौतम ने यह भी कहा कि सपा राज्य में भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून-व्यवस्था के खिलाफ आंदोलन शुरू करेगी। अरविंद उपेंद्र शुक्ला, भाजपा के दिवंगत वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र दत्त शुक्ला के बड़े पुत्र हैं। वह करीब पांच वर्ष पहले समाजवादी पार्टी में शामिल हुए थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static