बाबा विश्वनाथ धाम में विशेष इंतजाम: श्रद्धालुओं को मिलेगा शीतल पेय, गर्मी से भक्तों को मिलेगी राहत
punjabkesari.in Monday, May 25, 2026 - 02:33 PM (IST)
वाराणसी: काशी विश्वनाथ धाम में झुलसाने वाली गर्मी एवं‘नौतपा'को ध्यान में रखते हुए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने दर्शनार्थ आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य संरक्षण के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। नौतपा काल, जो 25 मई 2026 से शुरु होकर दो जून तक रहेगा। इस दौरान भगवान श्री काशी विश्वनाथ का विशेष श्रृंगार एवं अभिषेक विभिन्न फलों के रस एवं शीतल पेय पदार्थों से किया जाएगा। यह आयोजन श्रद्धा, भक्ति एवं सनातन परंपरा के अनुरूप संपन्न होगा।
मंदिर न्यास ने श्रद्धालुओं को भीषण गर्मी से राहत प्रदान करने के उद्देश्य से धाम परिसर एवं कतार मार्ग के विभिन्न स्थानों पर जर्मन हैंगर एवं कैनोपी की व्यवस्था कराई है। इसके अलावा जर्मन हैंगर तथा टेंसाइल स्ट्रक्चर के अंदर मिस्ट फैन भी स्थापित किए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं को शीतल वातावरण उपलब्ध हो सके।
न्यास द्वारा विशेष रूप से छोटे बच्चों एवं परिवार सहित आने वाले श्रद्धालुओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए बच्चों के लिए बिस्कुट वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। साथ ही स्वास्थ्य संरक्षण के लिए विभिन्न स्थानों पर ओआरएस, ग्लूकोज एवं गुड़ की उपलब्धता कराई गई है, ताकि गर्मी और निर्जलीकरण से बचाव हो सके। धाम परिसर में कुल 19 स्थानों पर शुद्ध एवं शीतल पेयजल के वाटर कूलर तथा 10 स्थानों पर वॉटर कंटेनर लगाए गए हैं। कतारबद्ध होकर दर्शन की प्रतीक्षा कर रहे श्रद्धालुओं के लिए उच्च गुणवत्ता वाले जूट मैट बिछाए गए हैं, जिससे उन्हें गर्म फर्श से राहत मिल सके।
इसके अलावा पूरे धाम क्षेत्र में निरंतर स्वच्छता बनाए रखने के लिए सफाई कर्मियों की तैनाती की गई है तथा नियमित साफ-सफाई एवं सैनिटाइजेशन का कार्य लगातार संचालित किया जा रहा है। काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि धाम में दर्शन के दौरान प्रशासन एवं मंदिर कर्मचारियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा संयम एवं श्रद्धा के साथ बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन का पुण्य लाभ प्राप्त करें।

