खेतों में काम कर रहे थे लोग, तभी आसमान से बरसा कहर... 2 ने मौके पर तोड़ा दम, 8 गंभीर झुलसे
punjabkesari.in Thursday, Jul 02, 2026 - 07:39 AM (IST)
Sultanpur News: सुलतानपुर जिले में बुधवार को बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से उसकी चपेट में आने से 2 लोगों की मौत हो गई तथा धान की रोपाई कर रहे 8 अन्य लोग झुलस गए। यह जानकारी पुलिस ने दी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बंधुआकला थाना क्षेत्र के धारूपुर गांव में धान की रोपाई के दौरान अचानक शुरू हुई बारिश के बीच गिरी बिजली की चपेट में आने से 65 वर्षीय पियारी देवी की मौके पर ही मौत हो गई तथा बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े 8 अन्य ग्रामीण भी झुलस गए।
उन्होंने बताया कि सभी घायलों को तुरंत कुड़वार के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उदयराज, जय सिंह, छत्रपाल और प्रानदेई की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। बंधुआकला थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और विधिक कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्रीय उप जिलाधिकारी (SDM) उत्तम तिवारी ने मृतक पियारी देवी के परिजनों को मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष से आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया है।
आकाशीय बिजली गिरने की एक अन्य घटना में मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के ककरवारपुर गांव में 65 वर्षीय जगन्नाथ पाल की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक जगन्नाथ खेत में भैंस चरा रहे थे, उसी दौरान वह अचानक हुई बारिश के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गए और अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसडीएम जयसिंहपुर प्रभात कुमार सिंह ने बताया कि हल्का लेखपाल और नायब तहसीलदार ने घटनास्थल का दौरा किया है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पीड़ित परिवार को दैवीय आपदा के तहत 4 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

