गणतंत्र दिवस 2023.... परेड के लिए उत्तराखंड की झांकी का हुआ चयन, जागेश्वर धाम के साथ होंगे दर्शन
punjabkesari.in Friday, Dec 30, 2022 - 04:04 PM (IST)

देहरादून/नई दिल्लीः दिल्ली के कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस 2023 परेड के लिए उत्तराखंड राज्य की झांकी फाइनल हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन के बाद राज्य सूचना विभाग की ओर से मानसखंड पर आधारित झांकी का प्रस्ताव रखा गया था।
झांकी के अगले और मध्य भाग में कार्बेट नेशनल पार्क में विचरण करते हुए हिरन, बारहसिंघा, मोर सहित उत्तराखंड में पाए जाने वाले विभिन्न पशु पक्षी दिखाई देंगे। साथ ही इस झांकी में जागेश्वर मंदिर को दर्शाया गया है। वहीं झांकी के साथ उत्तराखंड की लोक संस्कृति को प्रदर्शित करने के लिए छोलिया नृत्य का दल सम्मिलित होगा। इसके अतिरिक्त झांकी का थीम सॉन्ग उत्तराखंड की लोक संस्कृति पर आधारित होगा।
बता दें कि गणतंत्र दिवस की झांकी के लिए लगभग 27 राज्यों ने अपने प्रस्ताव भारत सरकार को प्रेषित किए थे, जिनमें से केवल 16 राज्यों का ही अंतिम चयन हुआ है।