पत्नी की हत्या का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, जानिए सनकी पति ने क्यों उठाया ये कदम

punjabkesari.in Wednesday, Jun 03, 2026 - 05:32 PM (IST)

कौशांबी: जिले में पत्नी की गला घोंट कर हत्या करने के आरोपी एक व्यक्ति को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी के दौरान आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान शिव भोले (48) के रूप में हुई है और वह महेवा घाट थाना क्षेत्र के घोघपुरवा गांव का रहने वाला है। 

गला घोंटकर हत्या का आरोप 
पुलिस सूत्रों ने बताया कि भोले पर आरोप है कि उसने एक-दो जून की दरमियानी रात को अपनी पत्नी माया देवी (45) का गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर वहां से फरार हो गया। कौशांबी के पुलिस क्षेत्राधिकारी जनेश्वर प्रसाद पांडेय ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई थीं। उन्होंने बताया कि मंगलवार की मध्यरात्रि को शाहपुर मोड़ और भागवतपुर मोड़ के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच करते समय पुलिस की एक टीम ने मोटरसाइकिल पर सवार एक व्यक्ति को संदेह के आधार पर रोकने की कोशिश की।

मुठभेड़ में आरोपी को लगी गोली 
पांडेय ने बताया कि रोकने पर संदिग्ध ने भागने की कोशिश की और आत्मसमर्पण करने के लिए कहने पर उसने टीम पर गोली चला दी तथा जवाबी गोलीबारी में उसके पैर में गोली लग गई और उसे पकड़ लिया गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान शिव भोले ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की हत्या करने की बात कुबूल कर ली है। 

 हत्या के अन्य मामले में भी आरोपी है दोषी 
अधिकारियों ने बताया कि शिव भोले के कब्जे से एक तमंचा, तीन कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। सूत्रों के अनुसार, शिव भोले को पहले महेवा घाट थाने में दर्ज 2015 के एक हत्या के मामले में दोषी ठहराया जा चुका था और 10 जनवरी 2023 को कौशांबी की एक अपर जिला अदालत ने उसे आजीवन कारावास और जुर्माने की सजा सुनाई थी। हालांकि, वह जमानत पर बाहर था।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static