तमंचे की नोक पर मंडप से दूल्हे को उठा ले गई प्रेमिका

punjabkesari.in Wednesday, May 17, 2017 - 11:55 AM (IST)

बांदा: उत्तर प्रदेश में एक शादी समारोह में सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां शादी समारोह में उस वक्त हड़कंप मच गया जब दूल्हे की प्रेमिका तमंचे की नोक पर मंडप से दूल्हे को किडनैप करके ले गई। दूल्हे के अगवा होने से वहां पर कोहराम मच गया। 

दरअसल बांदा जिले के गांव मोहन पुरवा से अशोक पुत्र रामहेत यादव की बारात हमीरपुर के भवानी गांव आई थी। जहां उसकी शादी राम सजीवन की पुत्री भारती से होनी थी। कार्यक्रम गहबरा के एक महाविद्यालय में चल रहा था। इसी दौरान वहां पर दूल्हे की प्रेमिका तीन गाडिय़ों में दर्जनभर लोगों के साथ तमंचे से लैस होकर पहुंची। 

तमंचा लहराते हुए वहां पर लड़की ने ऐलान किया ' यह लड़का मुझसे मोहब्बत करता है... मुझे धोखा देकर शादी कर रहा है...मैं यह होने नहीं दूंगी। इसके बाद लड़की के साथ आए उसके साथी दूल्हे को उठा ले गए इससे शादी के मंडप में कोहराम मच गया। मिली जानकारी के मुताबिक अशोक यादव बांदा में नौकरी करता है। साथ में काम करने वाली लड़की से उसको मोहब्बत हो गई। इसी बीच किसी ने लाइट बन्द कर दी जिससे समारोह में अफरा तफरी मच गई। 

दोनों ने एक-दूसरे शादी का किया वादा 
बात आगे और दोनों ने एक-दूसरे शादी करने का वादा किया। कुछ लोग यह भी कहते हैं कि चोरी-छिपे शादी करने के बाद वह साथ रहने लगे थे। लेकिन घरवालों के दबाव में अशोक दूसरी लड़की से शादी कर रहा था। इसकी भनक अशोक की गर्लफ्रेंड को लग गई तो उसने अपने कुछ साथियों के साथ स्कार्पियो में हमीरपुर के भवानीपुर गांव में सीधे शादी के मंडप में पहुंची और लड़के को रिवाल्वर दिखाकर अगवा कर लिया।

दूल्हे के अगवा होने से मचा कोहराम 
दूल्हे के अगवा होने से वहां पर कोहराम मच गया। दुल्हन भारती यादव चीख-चीखकर रोने लगी। दुल्हन को वहां मौजूद लोगों ने सुना कि वह कह रही थी कि भगवान किसी और के साथ न करे। भारती अपनी किस्मत के साथ गर्लफ्रेंड को भी कोस रही थी। जब शादी में आए मेहमानों ने पूरा माजरा समझा तो वह भी आपस में दो गुटों में बंट गए। एक गुट कह रहा था कि कलयुग आ गया है क्योंकि औरत जात अब रिल्वालवर लेकर किडनैपिंग करने लगी है। वहीं कुछ लोगों को कहते सुना गया कि बुंदेलखंड झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की धरती है। लड़की ने उस धोखेबाज के सही किया।

दूल्हे के पिता ने कहा-पहले से ही लग रहा था कि मामला कुछ गड़बड़ है
दूल्हे अशोक यादव के पिता ने कहा 'मामला जरूर कुछ गड़बड़ था क्योंकि मैं जब भी अशोक मिलने बांदा जाता तो वह बाहर से ही खिला-पिलाकर बाहर भेज देता था'। दूल्हे के अगवा होने के बाद दूल्हन के घर वालों ने फौरन पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने सूचना पाकर तुरंत ही उस लड़की और दूल्हे की तलाश शुरू कर दी।

लड़की के घरवालों के साथ होगा इंसाफ-SSP
हमीरपुर के एएसपी ब्रजेश कुमार मिश्रा ने लड़की के घरवालों को भरोसा दिलाया है कि उनके साथ इंसाफ होगा। लेकिन लोगों ने दबी जुबान से बताया कि पुलिसवाले भी गर्लफ्रेंड की ही तरफदारी कर रहे थे। लोगों ने बताया कि पुलिसवालों का भी मानना है कि लड़की ने किया तो सही है कुछ लड़कियां भी ऐसी हो जाएं तो लड़कों को धोखा देने की हिम्मत न पड़े।