बिल्ली बनी दुश्मन! अपनों ने ही युवक को छत से नीचे फेंका, Gorakhpur में पालतू जानवर पर हुआ खूनी खेल

punjabkesari.in Friday, Mar 13, 2026 - 09:19 AM (IST)

Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने सबको हैरान कर दिया है। जहां महज एक पालतू बिल्ली को लेकर 2 सगे भाइयों के परिवारों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बात जान लेने पर आ गई। आरोप है कि बिल्ली की शिकायत करने पर एक युवक की बेरहमी से पिटाई की गई और फिर उसे छत से नीचे धकेल दिया गया। इस हादसे में युवक के दोनों हाथ बुरी तरह टूट गए हैं।

क्या है पूरा विवाद?
मामला तिवारीपुर थाना क्षेत्र के कच्चीबाग इलाके का है। जहां 30 वर्षीय मोहम्मद शहजादे अपने ताऊ (बड़े पापा) के परिवार के साथ एक ही मकान में अलग-अलग हिस्सों में रहते हैं। शहजादे के मुताबिक, उनके ताऊ की बिरयानी की दुकान है और सारा काम घर से ही संचालित होता है। विवाद की जड़ ताऊ द्वारा पाली गई एक बिल्ली है। शहजादे का आरोप है कि यह बिल्ली अक्सर उनके कमरे और किचन में घुसकर गंदगी फैला देती थी, जिससे पूरे घर में बदबू फैल जाती थी। शहजादे को रोजाना सफाई करनी पड़ती थी, जिससे परेशान होकर उन्होंने कई बार इसकी शिकायत अपने ताऊ से की थी।

शिकायत पड़ी भारी- मारपीट के बाद छत से फेंका
पीड़ित शहजादे ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार को जब बिल्ली ने फिर से घर गंदा किया, तो वह इसकी शिकायत करने बड़े पापा के पास गया। इसी दौरान बात बढ़ गई और ताऊ के परिवार के सदस्य उग्र हो गए। आरोप है कि पहले तो शहजादे के साथ बुरी तरह मारपीट की गई और फिर उसे जबरन छत से नीचे धक्का दे दिया गया। ऊंचाई से गिरने के कारण शहजादे मौके पर ही बेहोश हो गया।

अस्पताल में भर्ती, दोनों हाथों का हुआ ऑपरेशन
परिजनों ने आनन-फानन में घायल शहजादे को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि युवक के दोनों हाथ टूट चुके हैं। हालत गंभीर होने के कारण शहजादे का ऑपरेशन करना पड़ा। फिलहाल वह अस्पताल में ही उपचाराधीन है।

पुलिस की कार्रवाई- मुकदमा दर्ज
इस मामले में तिवारीपुर थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सन्नू और सना खातून के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उप-निरीक्षक मामले की तहकीकात कर रहे हैं और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static