SP नेता का विवादित बयान, कहा- ''मैं पहले मुसलमान हूं फिर हिन्दुस्तानी''

punjabkesari.in Tuesday, Aug 15, 2017 - 10:36 AM (IST)

सहारनपुर(उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनने के बाद स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राज्य के सभी मदरसों में ध्वजारोहण और राष्ट्रगान कर उसकी वीडियोग्राफी कराने के आदेश ने देशभक्ति पर एक कई बहस छेड़ दी है। इसी बीच देवबंद से पूर्व कांग्रेस विधायक व वर्तमान में सपा नेता माविया अली ने इसे लेकर विवादित बयान दे दिया है।
               

ट्वीट कर कही ये बात
बता दें सपा नेता माविया अली ने कहा है कि जिस देश में एक करोड़ मुसलमान हैं वह भी चुपचाप नहीं बैठते यहां तो हम 20 करोड़ हैं। उन्‍होंने कहा कि हम सरकारी फरमान की कड़ाई से निंदा करते हैं। माविया अली ने ट्वीट कर कहा, "वह पहले मुसलमान हैं फिर हिंदुस्तानी, दुनिया में कहीं भी मुसलमान हो वो पहले मुसलमान है फिर किसी देश का नागरिक।"

जिस बात से इस्लाम का हो टकराव, हमें मंजूर नहीं 
सपा नेता ने अपनी बात दोहराते हुए कहा कि हम एक हिंदुस्तानी दूसरे नंबर पर हैं, पहले हम मुसलमान हैं। किसी भी चीज से इस्लाम का टकराव होता है, या फिर किसी भी कानून से इस्लाम का टकराव होता है तो उस कानून को मानने को हम तैयार नहीं हैं।

हम देश के मालिक है, नौकर नहीं
माविया अली ने कहा, ''लोग कहते हैं हम इस देश के अंदर वफादार की हैसियत से रहें, लेकिन मेरा कहना है कि हम देश के अंदर मालिक की हैसियत से हैं। इस देश के कुत्ते नहीं हैं, वफादार तो कुत्ते और नौकर होते हैं। हम इस देश के मालिक हैं, जितना अधिकार इस देश के अंदर योगी का है उतना ही अधिकार इस देश के अंदर माविया का भी है। मालिक अपने घर की रक्षा कैसे करता है वह हम जानते हैं वफादारी का लांछन लगाना गलत है। वफादार होना नौकरों की फितरत में होता है।

बता दें कि माविया अली ने 2016 मे देवबंद से कांग्रेस के टिकट पर उपचुनाव लडा था और विधायक बने थे। बाद में 2017 में कांग्रेस को अलविदा कह वह सपा में चले गये। हालांकि वह इस बार यहां से चुनाव हार गए। इससे पहले भी माविया अली अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चाओं में रहे हैं।