कुएं में गिरा गाय का बछड़ा, निकालने गए 3 लोगों की जहरीली गैस से मौत

punjabkesari.in Saturday, Apr 22, 2017 - 06:42 PM (IST)

जौनपुर: उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के मीरगंज क्षेत्र में कुएं में गिरे गाय के बछड़े को निकालते समय जहरीली गैस के कारण दम घुटने से तीन लोगों की मृत्यु हो गई। 

पुलिस अधीक्षक अतुल सक्सेना ने यहां बताया कि मीरगंज इलाके करौर गांव के चौहान बस्ती में आज पुराने कुएं में गाय का बछड़ा गिर गया। उसे निकालने के लिए प्रेम चन्द्र के पुत्र अश्वनी (40) और श्रवण (35) और शोभाराम का 15 वर्षीय पुत्र अरुण और राम बहादुर (40) कुएं में उतर गये। 

उन्होंने बताया कि कुएं में जैसे ही चारों गए जहरीली गैस से दम घुटने लगा और वे चिल्लाने लगे। लोगों ने पुलिस को सूचना दी और किसी तरह चारों को बाहर निकाला गया लेकिन तबतक राम बहादुर को छोड़कर तीनों की मृत्यु हो गयी थी। राम बहादुर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है,जहां उसकी हालत ङ्क्षचताजनक बनी हुई है। पुलिस ने मृत बछड़े को भी बाहर निकाला।