पहले ही दिन नीयत खराब, काम करने आई महिला ने उड़ाया मोबाइल फोन, CCTV में कैद हुई करतूत
punjabkesari.in Tuesday, Jul 28, 2026 - 08:41 AM (IST)
Ghaziabad News: अगर आप भी बिना पुलिस वेरिफिकेशन के घर में किसी को काम पर रख रहे हैं, तो सावधान हो जाइए। क्रासिंग रिपब्लिक की पैरामाउंट सिम्फनी सोसाइटी से एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां काम के पहले ही दिन एक नौकरानी हाथ साफ कर फुर्र हो गई।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला सोसाइटी के फ्लैट नंबर 1003 का है, जहां रहने वाली शिल्पा यादव ने बीते रविवार को पूनम उर्फ पूजा नाम की एक महिला को घरेलू काम के लिए रखा था। पहली बार काम पर आई पूनम शाम करीब साढ़े 4 बजे किसी जरूरी काम का बहाना बनाकर घर से निकली। लेकिन उसके जाने के कुछ ही देर बाद जब घर का मोबाइल फोन गायब मिला, तो परिवार के होश उड़ गए।
अंदेशा होने पर जब परिवार ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग चेक की, तो सच्चाई सामने आ गई। फुटेज में पूनम साफ तौर पर मोबाइल ले जाती हुई नजर आ रही है। चोरी का अहसास होते ही पीड़िता शिल्पा यादव तुरंत क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने पहुंचीं और मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
थाना प्रभारी के मुताबिक, पीड़िता की तहरीर, मोबाइल नंबर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी महिला की तलाश शुरू कर दी गई है। इस घटना के बाद पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अंजान व्यक्ति या घरेलू सहायक को काम पर रखने से पहले उसका पुलिस वेरिफिकेशन जरूर करवाएं, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

