Yogi सरकार तैयार... 3 अगस्त से शुरू होगा विधानसभा का मानसून सत्र, आ सकता है अनुपूरक बजट

punjabkesari.in Sunday, Jul 26, 2026 - 02:19 PM (IST)

लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राज्य विधानमंडल (विधानसभा और विधान परिषद) के दोनों सदनों का तीसरा सत्र सोमवार, तीन अगस्त से आहूत किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। विधानसभा के प्रमुख सचिव प्रदीप कुमार दुबे ने बताया कि राज्यपाल ने 18वीं उत्तर प्रदेश विधानसभा का वर्ष 2026 का तीसरा सत्र तीन अगस्त से बुलाया है। विधान परिषद के प्रमुख सचिव डॉ. राजेश सिंह ने बताया कि विधान परिषद का सत्र भी तीन अगस्त को सुबह 11 बजे से आहूत किया गया है।

उल्लेखनीय है कि मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में वर्ष 2026 के तीसरे विधानमंडल सत्र को बुलाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी। इस सत्र में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए अनुपूरक बजट, अनुदान की अनुपूरक मांगों तथा अन्य विधायी कार्यों पर विचार किया जाएगा। मंत्रिमंडल की बैठक के बाद वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया था कि सरकार संविधान के प्रावधानों के अनुरूप वित्त वर्ष 2026-27 के लिए अनुदान की अनुपूरक मांगें विधानसभा और विधान परिषद में पेश करेगी।

उन्होंने कहा था कि पिछले सत्र की समाप्ति के बाद जारी अध्यादेशों के स्थान पर विधेयक भी सदन में पेश किए जाएंगे और उन्हें पारित कराने पर विचार किया जाएगा। इसके अलावा अन्य आवश्यक विधायी और सरकारी कार्य भी निपटाए जाएंगे।  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static