झूठ बोलने में नंबर-1 है बीजेपी, इसपर मत करना कभी विश्वास: मुलायम

punjabkesari.in Wednesday, Dec 07, 2016 - 05:19 PM (IST)

बरेली: समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने कहा है कि नोटबंदी के फैसले से कालाधन रखने वाले पर कोई फर्क नहीं पडा है। मुलायम ने आज यहां एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि नोटबंदी के फैसले से किसान, व्यापारी, गरीब और मध्यम वर्ग के लोग परेशान हैं। काला धन रखने वालों पर इस निर्णय का कोई फर्क नहीं पड़ा है।

बीजेपी जनता को सिखाएगी सबक
उन्होंने दावा किया कि नोटबंदी से परेशान हो रही जनता चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को करारा जवाब देगी। परेशानी का आलम यह है कि नये नोट एटीएम और बैंकों में हैं ही नहीं। नोटबंदी के फैसले से लोगों का बहुत नुकसान हुआ है। भाजपा ने चुनाव में किये वायदे पूरे नहीं किये हैं। विदेशों से काला धन लाकर हर खाते में 15-15 लाख रुपये देने का वायदा किया गया था। उसे पूरा करने के बजाए देश के सामन्य लोगों की ही कमर तोड़ी जा रही है। नोटबंदी की वजह से लोग मर रहे हैं। 

जनता को परेशान कर रही केंद्र सरकार
मुलायम ने कहा कि सरकार जनता को परेशान करने के लिए नहीं होती लेकिन केन्द्र हर वह काम कर रहा है जिससे देशवासी परेशान हो रहे हैं। किसान बर्बाद हो रहा है। किसान परेशान होगा तो देश भी प्रभावित होगा। खाद और बीज मिल नहीं पा रहा है। किसान के उत्पादन को व्यापारी बाजारों में पहुंचाता है। नोटबंदी के फैसले से किसान और व्यापारी दोनो तबाह हो गये हैं। उन्होंने कहा कि सपा सभी लोगों के साथ समान व्यवहार करती है। सपा सरकार ने हर वर्ग का विकास किया है। सपा की कथनी और करनी में कोई भेद नहीं है।  

झूठ बोलने में नंबर-1 है बीजेपी
मुलायम सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने नरेंद्र मोदी ने लोकसभा चुनाव के दौरान लोगों को उनके खाते में 15-15 लाख रुपये दिलाने का वादा किया था। साथ ही उन्होंने नौजवानों को रोजगार और चीन से भारत का हिस्सा छीनने की बात कही थी। इतना ही नहीं उन्होंने पाकिस्तान से उसके अधिकृत कश्मीर को लेने की बात कही थी। लेकिन सरकार बनने के बाद उन्होंने ऐसा कुछ नहीं किया। मुलायम ने लोगों को सावधान करते हुए कहा कि कभी बीजेपी पर विश्वास मत करना। बीजेपी झूठ बोलने में सबसे नंबर-1 है। 

नोटबंदी करके देश को मोदी सरकार ने किया 10 साल पीछे-शिवपाल
इस अवसर पर सपा के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि नोटबंदी से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश को 10 साल पीछे धकेल दिया है। उन्होंने कहा कि नोटबंदी से देश दस साल पीछे चला गया है। देश के किसान, गरीब, मजदूर बेहाल हैं। किसानों के पास खेती के लिये रूपये नहीं हैं। धन की कमी से लोगों को मजदूरी तक नहीं मिल पा रही है। नोटबंदी के आदेश के बाद देश में कामकाज ठप हो गया है। उद्योग धंधे ठप हो गए हैं। मजदूर बेरोजगार हो गए हैं। नोटबंदी के आदेश के बाद देश की अर्थ व्यवस्था चौपट हो गयी है। उन्होंने कहा कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के पास चुनाव लडऩे के लिए कोई मुद्दा नहीं है। जनता को मालूम है कि वह तीन बार भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) से मिलकर सरकार बना चुकीं हैं और जनता अब उन पर विश्वास नहीं करती है। उन्होंने कहा कि मुसलमानों का भी मायावती से भरोसा उठ गया है। 

UP Political News की अन्य खबरें पढ़ने के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें