निर्भया के दोस्त की गवाही ने दोषियों को फांसी पर लटकाया, जानिए है कहां?

punjabkesari.in Friday, Mar 20, 2020 - 10:43 AM (IST)

गोरखपुर: 20 फरवरी 2020 दिन शुक्रवार को तड़के 5.30 बजे निर्भया गैंगरेप के चारों दोषियों को दिल्ली के तिहाड़ जेल में फांसी पर लटका दिया गया। इस खबर से देशभर में एक खुशी का माहौल है। निर्भया की मां समेत लोगों का कहना है कि भले ही न्याय में देरी हुई है लेकिन इंसाफ तो मिला है। निर्भया के गुनहगारों को कोर्ट ने ऐसे ही फांसी पर नहीं लटका दिया इसके लिए पीड़ित परिवार ने 7 साल से ज्यादा कानूनी लड़ाई लड़ी है तब जाकर इंसाफ मिला है। दोषियों को फांसी के फंदे तक पहुंचाने में परिवार के अलावा निर्भया के दोस्त अवनींद्र पांडेय का भी खास योगदान है। जिसने न केवल निर्भया के दोषियों को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाया बल्कि इनके खिलाफ कोर्ट में गवाही भी दी। 

बता दें कि जिस दिन निर्भया के साथ जघन्य वारदात हुई उस समय अवनींद्र पांडेय साथ था। अवनींद्र गोरखपुर के एक वकील का बेटा है और इस पूरी घटना का अकेला चश्मदीद गवाह रहा है। वहीं सभी दोषियों को फांसी पर लटकाए जाने के बाद आज सभी जानना चाहते हैं वो आजकल कहां है और क्या कर रहा है। 

एक न्यूज चैनल से खास बातचीत में अवनींद्र के पिता भानू प्रकाश पांडेय ने बताया कि आज सही मायने में उनको न्याय मिला है। हमें बहुत खुशी है। बेटे अवनींद्र के बारे में पूछने पर भानू प्रकाश पांडेय ने बताया कि इस घटना ने मेरे बेटे के मन पर गहरा आघात किया और इस दर्द से उबरने में काफी वक्त लगा। उन्होंने बताया उसकी शादी हो गई है और 2 साल का बेटा भी हैं। भावुक होते हुये उन्होंने कहा कि अवनींद्र आज बेंगलुरु में एक निजी आईटी कंपनी में काम कर रहा है। फिलहाल अवनींद्र की पत्नी अपने 2 साल के बेटे के साथ गोरखपुर में रह रही है।  


चारों दोषियों को डॉक्टर ने मृत घोषित किया
चारों दोषियों को शुक्रवार की सुबह तिहाड़ जेल में फांसी दिए जाने के बाद डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित किया। जेल के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। इस मामले के चारों दोषियों मुकेश सिंह (32), पवन गुप्ता (25), विनय शर्मा (26) और अक्षय कुमार सिंह (31) को सुबह साढ़े पांच बजे तिहाड़ जेल में फांसी दी गई। अधिकारी ने बताया कि चारों दोषियों के शव करीब आधे घंटे तक फंदे पर झूलते रहे। जेल के महानिदेशक संदीप गोयल ने बताया ‘डॉक्टर ने जांच की और चारों को मृत घोषित कर दिया।’

16 दिसंबर 2012 को दिल्ली में चलती बस में हुआ था गैंगरेप
गौरतलब है कि 16 दिसंबर 2012 को दिल्ली में 23 वर्षीय निर्भया का चलती बस में गैंगरेप किया गया था। इस घटना के दौरान अवनींद्र निर्भया के साथ था। निर्भया के साथ हैवानों ने ऐसी दरिंदगी की थी कि पूरे देश में लोग आंदोलन करने पर उतर गए थे।

Ajay kumar