UP में साख नहीं बचा सके मोदी के ये 7 मंत्री, वोट शेयर भी घटा...जानें इन केंद्रीय मंत्रियों की सीटों का हाल

punjabkesari.in Wednesday, Jun 05, 2024 - 01:25 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में ही भाजपा की उम्मीदों को करारा झटका लगा है। 2024 के आम चुनाव में न केवल बीजेपी की सीटें घट गईं, बल्कि वोट शेयर भी कम हो गया। भाजपा का सारा रणनीतिक कौशल यूपी में फेल साबित हुआ। यूपी में चुनावी रण में उतरे पीएम मोदी की कैबिनेट के 11 मंत्रियों में 7 केंद्रीय मंत्री हार चुके हैं। 4 मंत्री ही जीत दर्ज कर पाए हैं, जिसमें मिर्जापुर सीट से केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल और महराजगंज से केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी शामिल हैं। बीजेपी के सात केंद्रीय मंत्री और 19 मौजूदा सांसद चुनाव हार गए। केंद्र सरकार में सबसे ज्यादा मंत्री यूपी से ही बनाए गए थे। इनमें स्मृति इरानी, महेंद्र नाथ पांडेय, साध्वी निरंजन ज्योति, अजय मिश्र टेनी, कौशल किशोर, भानु प्रताप वर्मा और संजीव बालियान चुनाव हार गए। 

खीरी सीट पर दो बार के सांसद और केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र टेनी हारे
खीरी सीट के 30 राउंड के नतीजे जारी कर दिए गए। यहां से इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी उत्कर्ष वर्मा ने 33323 वोटों के अंतर से भाजपा सांसद और केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र टेनी को हराया है। टेनी को 523036 वोट मिले हैं, जबकि 555277 वोट उत्कर्ष वर्मा को मिले हैं, जबकि बसपा प्रत्याशी अंशय सिंह कालरा को 110122 वोट मिले हैं।

चंदौली से भाजपा के केंद्रीय मंत्री महेन्द्रनाथ पांडेय हारे, सपा प्रत्याशी की जीत
चंदौली लोकसभा सीट का परिणाम आ चुका है। यहां से सपा प्रत्याशी वीरेंद्र सिंह ने 21565 वोटों के अंतर से भाजपा के केंद्रीय मंत्री महेन्द्रनाथ पांडेय को हराकर जीत दर्ज की। जीतने के बाद वीरेंद्र सिंह व उनके समर्थकों ने विजय निशान दिखाते हुए तस्वीरें खिंचवाईं।

अमेठी लोकसभा सीट पर कांग्रेस की जीत, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी हारीं
अमेठी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी किशोरी लाल ने 167196 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की है। दूसरे स्थान पर भाजपा सांसद और केंद्रीय मंत्री स्मृति जुबिन ईरानी रहीं।

फतेहपुर सीट पर सपा जीती, केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति हारीं
फतेहपुर लोकसभा सीट पर इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी और सपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल 33199 वोटों से जीत गए हैं। दूसरे स्थान पर भाजपा सांसद और केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति रहीं।

मोहनलालगंज सीट से केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर हारे, सपा ने दर्ज की जीत
मोहनलालगंज लोकसभा सीट से सपा के प्रत्याशी आरके. चौधरी ने 70292 वोटों से भाजपा सांसद और केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर को मात दी है। कौशल किशोर कुल 597577 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे। 

मुजफ्फरनगर सीट से केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान हारे, सपा ने दर्ज की जीत
पश्चिमी यूपी की मुजफ्फरनगर संसदीय सीट से सपा प्रत्याशी हरेंद्र सिंह मलिक ने 24672 वोटों के अंतर से जीत हासिल की है। दूसरे स्थान पर भाजपा के केंद्रीय संजीव कुमार बालियान रहे।

जालौन सीट पर सपा प्रत्याशी ने केंद्रीय मंत्री को दी मात
जालौन संसदीय सीट से सपा प्रत्याशी नारायण दास अहिरवार ने भाजपा के केंद्रीय मंत्री भानू प्रताप सिंह को 53898 वोटों से मात दे दी है। भानू प्रताप सिंह वर्मा दूसरे स्थान पर रहे।

NDA ये दिग्गज जीते
नरेंद्र मोदी, राजनाथ सिंह, पंकज चौधरी, एसपी सिंह बघेल, अनुप्रिया पटेल, डा. महेश शर्मा, हेमा मालिनी, रविकिशन, जितिन प्रसाद, अनूप प्रधान, जगदंबिका पाल

इंडिया ये दिग्गज जीते
राहुल गांधी, अखिलेश यादव, डिंपल यादव, अक्षय यादव, धर्मेंद्र यादव, आदित्य यादव, बाबू सिंह कुशवाहा, अफजाल अंसारी, तनुज पुनिया, किशोरी लाल शर्मा

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tamanna Bhardwaj

Related News

static