कांग्रेस की नई महासचिव प्रियंका गांधी के जीवन से जुड़ी वो बातें जो यकीनन नहीं जानते होंगे आप

punjabkesari.in Wednesday, Jan 23, 2019 - 04:12 PM (IST)

यूपी डेस्कः "राजनीति का मतलब जनता की सेवा करना है और मैं वह पहले से ही कर रही हूं। मैं इसे 5 और अधिक सालों के लिए जारी रख सकती हूं। यह कहना है गांधी परिवार की बेटी प्रियंका गांधी का। यूं तो पूरा गांधी परिवार ही राजनीति में सक्रिय रहा है, लेकिन प्रिंयका गांधी चुनावों के समय और जरूरी वक्त पर ही राजनीति के मंच पर दिखाई दी हैं। आज कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपनी बहन प्रियंका को पार्टी का महासचिव बना दिया है। इसके साथ ही उन्हें पूर्वी उत्तर प्रदेश की अहम जिम्मेदारी दी है। आइए जानते है गांधी परिवार की बेटी के जीवन का अब तक सफर।

जन्म शिक्षा
प्रियंका भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और कांग्रेस पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की दूसरी संतान है। उनकी दादी इंदिरा गांधी और नाना जवाहर लाल नेहरू भी भारत के प्रधानमंत्री रहे हैं। प्रियंका गांधी का जन्म जनवरी 12,1972, दिल्ली में हुआ। वह दिल्ली के मॉडर्न स्कूल से पढ़ी हैं। उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी के जीसस एंड मैरी स्कूल से साइकॉलोजी की डिग्री हासिल की है। दादी इंदिरा गांधी की हत्या के बाद राहुल और प्रियंका ने अपनी पढ़ाई घर से ही जारी रखी। इसके बाद उनकी सामाजिक जिंदगी बहुत सिमट गई। उन्हें 24 घंटे सुरक्षाकर्मियों के साये में रहना पड़ता था।

शादी
प्रियंका की 13 साल की उम्र में रॉबर्ट वाड्रा से मुलाकात हुई थी। यह मुलाकात संभवतः उनके पारिवारिक मित्र ओत्तावियो क्वात्रोची के घर पर हुई। प्रियंका ने ही रॉबर्ट की तरफ दोस्ती का हाथ बढ़ाया था। प्रियंका और रॉबर्ट शादी से पहले 6 साल तक एक साथ थे। इसके बाद उन्होंने परिवार को अपने रिश्ते के बारे में बताया। इस रिश्ते का विरोध किया, लेकिन बाद में गांधी परिवार इस रिश्ते के लिए राजी हो गया। 1997 में दोनों की शादी हो गई । प्रियंका और रॉबर्ट की शादी काफी लो-प्रोफाइल रखी गई। शादी में महज 150 मेहमानों को निमंत्रण दिया गया।

पति और बच्चे
वाड्रा का जन्म 18 मई 1969 को हुआ था। उनके पिता का नाम राजेन्द्र वाड्रा तथा मां का नाम मॉरीन वाड्रा है, जो कि मूल रूप से स्कॉटिश हैं। उनके दादा हुकुम राय वाड्रा यहां 1954 में पाकिस्तान के सियालकोट से आकर पहले बेंगलुरु और फिर उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में आकर बस गए थे। यहीं रॉबर्ट का जन्म हुआ। पिता राजेंद्र वाड्रा का पीतल का शुरू में छोटा-मोटा कारोबार था जो कि बाद में काफी फला फूला। रॉबर्ट ने दिल्ली के ब्रिटिश स्कूल में पढ़ाई की। दसवीं के बाद उन्होंने पढ़ाई नहीं की। 1997 में प्रियंका गांधी के इनकी शादी हो गई। प्रियंका और रॉबर्ट के दो बच्चे रेहान वाड्रा और मिराया वाड्रा हैं।

इंदिरा गांधी से की जाती है तुलना
प्रियंका की तुलना अक्सर उनकी दादी इंदिरा गांधी से होती है। प्रियंका का हेयरस्टाइल, कपड़ों के चयन और बात करने के सलीके में इंदिरा गांधी की छाप साफ नजर आती है। इसके साथ ही प्रियंका को फोटोग्राफी, कुकिंग, और पढ़ना खासा पसंद है।प्रियंका को बच्चों से खासा लगाव है। अभी तक राजनीति में ना आने का कारण भी यही बताया जाता है कि बच्चों को अधिक समय देने के कारण वह सक्रिय रूप से राजनीति में नहीं उतरी।

Ruby