कांवड़ यात्रा में दर्दनाक हादसा: DJ की ट्रॉली में उतरा करंट, एक कांवड़िये की मौत, 7 बच्चों समेत 8 घायल

punjabkesari.in Sunday, Aug 09, 2026 - 06:11 PM (IST)

बदायूं: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में रविवार को एक कांवड़ यात्री की करंट लगने से मौत हो गई, जबकि सात बच्चों समेत आठ अन्य लोग झुलस गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह घटना शनिवार शाम कादर चौक थाना क्षेत्र के गढ़ी गांव में हुई।

पुलिस अधीक्षक (नगर) अभिषेक सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रियों के एक समूह के साथ चल रहे डीजे वाहन के जनरेटर में करंट उतर गया, जिसकी चपेट में आने से यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि डीजे ट्रॉली के पीछे कई कांवड़ यात्री, जिनमें बच्चे भी शामिल थे, नाच-गा रहे थे। इसी दौरान जनरेटर में करंट प्रवाह आ गया और लोगों को करंट लग गया। स्थानीय पुलिस की मदद से सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। 

पुलिस ने बताया कि हादसे में बदायूं निवासी 35 वर्षीय रोहित की मौत हो गई, जबकि आठ लोग झुलस गए। घायलों में सात बच्चे शामिल हैं। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ बच्चे डीजे ट्रॉली के पीछे नाचते दिखाई दे रहे हैं। अचानक चिंगारी निकलने के बाद वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच जाती है। पुलिस ने बताया कि सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static