याेगी सरकार के खिलाफ धरना प्रर्दशन कर रहे सपाईयाें आैर पुलिसकर्मियों में झड़प

punjabkesari.in Saturday, Jan 27, 2018 - 08:08 PM (IST)

कानपुरः कानपुर में प्रदेश सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर रहे सपाइयों और पुलिसकर्मियों में जमकर झडप हुई। पुलिस ने सैकड़ाें सपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।जिन्हें गाडियों मे भरकर पुलिस लाइन ले जाया गया। इस दौरान सपाइयों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। 

दरअसल सपा कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आवाहन पर शिक्षक पार्क में धरना प्रदर्शन करने के लिए जुटे थे। लेकिन बाद में उन्होंने सडक पर आलू फैलाने का प्रयास किया। सपाइयों के सड़क पर आलू फैलाते ही पुलिस कर्मियों ने उन्हे मना करने का प्रयास किया। इसके बाद सपाई पुलिस से भिड गए। पुलिस से तीखी झडप और विरोध की सूचना पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। जिसके बाद पुलिस ने सपाइयों को हिरासत में लेना शुरू किया। 

सभी मुद्दों पर फेल साबित हुई है योगी सरकार: रोमिला सिंह
गिरफ्तारी के दौरान सपा कार्यकर्ता नीलम रोमिला सिंह ने कहा कि योगी सरकार के पास महिला फोर्स नहीं है। अगर है तो बुलाएं हमलोग महिलाफोर्स को अपनी गिरफ्तारी दे देंगे। पुरुष पुलिसकर्मियों से हमारी गिरफ्तारी करवाई जा रही है जो सरासर गलत है। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि योगी सरकार का लॉ एंड ऑर्डर बिल्कुल भी दुरुस्त नहीं है। ये नकारा सरकार है। हम शांतिपूर्वक धरना प्रर्दशन कर रहे हैं। लेकिन ये थोड़ा थोड़ा करके हम लोगों की गिरफ्तारी कर रहे हैं। जब थोड़े लोग बचते हैं तो उनके ऊपर लाठीचार्ज करते हैं। सरकार किसानों समेत सभी मुद्दों पर फेल साबित हुई है।