तड़के-तड़के घर में घुसा तेज रफ्तार ट्रक, मलबे में तब्दील हुईं थार समेत 3 कारें... घर में सो रहे 17 लोग बाल-बाल बचे
punjabkesari.in Tuesday, Jun 02, 2026 - 01:57 PM (IST)
Bulandshahr News: बुलंदशहर जिले के खुर्जा नगर में मंगलवार तड़के एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर एक रिहायशी मकान में घुस गया। हादसे में मकान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और परिसर में खड़ी 3 कारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। हालांकि घर में सो रहे 17 लोग सुरक्षित बच गए और कोई जनहानि नहीं हुई।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अंतरिक्ष कुमार जैन ने बताया कि दुर्घटना सुबह करीब 3:50 बजे हुई। ट्रक अचानक नियंत्रण खो बैठा और मकान की दीवार तोड़ते हुए परिसर में घुस गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मकान का अग्रभाग क्षतिग्रस्त हो गया तथा वहां खड़ी 3 कारें मलबे की चपेट में आ गईं। मकान स्वामी भागेंद्र सिंह ने बताया कि घटना के समय घर में 2 परिवारों के कुल 17 सदस्य सो रहे थे। तेज धमाके की आवाज सुनकर सभी लोग बाहर निकले तो देखा कि ट्रक मकान के अंदर घुसा हुआ है। उन्होंने बताया कि हादसे में लाखों रुपए की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
दुर्घटना में विक्रम सिंह की वैगनआर, एक सेंट्रो कार तथा आदित्य बंसल की महिंद्रा थार क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार थार वाहन हाल ही में खरीदा गया था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक चालक व परिचालक को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आना दुर्घटना का संभावित कारण माना जा रहा है। बाद में क्रेन की सहायता से ट्रक को मकान से बाहर निकालकर यातायात सुचारु कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

