''ये मेरी बेटी है!''... ''नहीं, ये मेरी है!'' – आगरा थाने में भिड़ीं 2 मांएं, पुलिस भी रह गई हैरान; अब DNA खोलेगा राज

punjabkesari.in Tuesday, Jul 08, 2025 - 02:23 PM (IST)

Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से एक अजीब और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां पिनाहट थाना क्षेत्र में 2 महिलाएं एक ही किशोरी (लगभग 13-14 साल की लड़की) को अपनी बेटी बताने थाने पहुंच गईं। दोनों का दावा था कि वही लड़की की असली मां हैं। ऐसे में पुलिस भी हैरान रह गई कि आखिर सच्चाई क्या है।

लड़की को लेकर शुरू हुआ विवाद
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, यह मामला तब सामने आया जब दोनों महिलाएं एक साथ थाना पिनाहट पहुंचीं और लड़की को अपनी संतान बताने लगीं। दोनों के बीच जमकर बहस हुई। कोई भी पीछे हटने को तैयार नहीं था। पुलिस ने पहले तो उन्हें शांत कराने की कोशिश की, लेकिन जब मामला बढ़ता गया तो पुलिस ने इसे गंभीरता से लेना शुरू किया।

एक महिला का चौंकाने वाला दावा
बताया जा रहा है कि इन 2 महिलाओं में से एक ने ऐसा दावा किया जिसे सुनकर सब हैरान रह गए। उसका कहना था कि करीब 7 साल पहले उसकी बेटी की सांप के काटने से मौत हो गई थी और परिवार ने उसका अंतिम संस्कार करने की बजाय उसे नदी में बहा दिया था। अब उसे लगता है कि वही बेटी चमत्कार से वापस लौट आई है और यही वह लड़की है।

दूसरी महिला की सफाई
वहीं दूसरी महिला ने कहा कि यह लड़की बचपन से ही उसके साथ रह रही है। वह खुद उसकी देखभाल करती आई है और वही उसकी जैविक मां है। उसके पास लड़की से जुड़े कुछ पुराने फोटो और कपड़े भी थे जो वह सबूत के तौर पर लाई थी।

पुलिस ने लिया DNA टेस्ट का फैसला
पुलिस के अनुसार, दोनों महिलाओं ने लड़की को लेकर कई तरह के तर्क दिए, लेकिन कोई पक्की जानकारी सामने नहीं आ पाई। इसलिए अब इस उलझन को सुलझाने के लिए पुलिस ने लड़की की DNA जांच कराने का फैसला किया है। वहीं DNA रिपोर्ट आने तक पुलिस ने लड़की को किसी भी भावनात्मक दबाव या जबरदस्ती से बचाने के लिए बाल कल्याण समिति (Child Welfare Committee) की निगरानी में भेज दिया है। वहां लड़की को पूरी सुरक्षा और देखभाल मिल रही है।

इलाके में चर्चा का विषय बना यह अनोखा मामला
यह अनोखा मामला इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं – कोई इसे चमत्कार मान रहा है, तो कोई इसे किसी पुराने गुमशुदा मामले से जोड़कर देख रहा है। पुलिस का कहना है कि DNA रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि लड़की की सच्ची मां कौन है, और तब आगे की कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static