'भगवान... बेटा तो चला गया, अब बेटी को बचा लो', मां के साथ सो रहे 2 मासूमों को सांप ने डसा
punjabkesari.in Tuesday, Aug 04, 2026 - 04:10 PM (IST)
Jhansi Snake Bite: बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरदौलपुर मोहल्ले में एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके की रूह कंपा दी है। रात में मां के पास चैन की नींद सो रहे दो मासूम भाई-बहनों को एक जहरीले सांप ने डस लिया। अस्पताल पहुंचने पर 7 साल के मयंक ने दम तोड़ दिया, जबकि उसकी 4 साल की छोटी बहन प्रगति जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक, मजदूरी करने वाले प्रदीप कुशवाहा रविवार रात काम पर गए थे। घर में उनकी पत्नी नेहा अपने दोनों बच्चों के साथ सो रही थीं। तड़के करीब साढ़े 3 बजे अचानक बेटी प्रगति दर्द से चीख उठी। मां अभी उसे संभालने की कोशिश कर ही रही थीं कि बगल में लेटा मयंक भी दर्द से रोने लगा। परिजनों ने जब कमरे में देखा तो वहां जहरीला सांप मौजूद था।
चीख-पुकार मचते ही पड़ोसी दौड़े और दोनों बच्चों को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद मयंक को बचाया नहीं जा सका। मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड के बाहर मां नेहा का बिलखना देख वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं। वे रोते-बिलखते डॉक्टरों और ईश्वर से बस यही गुहार लगाती रहीं— भगवान... मेरा बेटा तो चला गया, अब मेरी बेटी को बचा लो।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, 2 दिन पहले भी इसी कमरे में एक सांप निकला था जिसे मार दिया गया था। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है और लोग तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं। वहीं, डॉक्टरों के अनुसार बच्ची प्रगति की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है और उसे लगातार निगरानी में रखा गया है। पूरे गांव की निगाहें अब अस्पताल के अपडेट्स पर टिकी हैं और हर कोई बच्ची की सलामती की प्रार्थना कर रहा है।

