सुरक्षा के लिए सिर पर था हेलमेट, पर काल बनकर आया तेज रफ्तार ट्रक... बरेली में 2 शिक्षकों की दर्दनाक मौत

punjabkesari.in Saturday, May 16, 2026 - 08:53 AM (IST)

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार सुबह परीक्षा ड्यूटी पर जा रहे 2 शिक्षकों की बाइक में तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया।

फरीदपुर टोल प्लाजा के पास हादसा, मौके पर ही दोनों शिक्षकों की मौत
पुलिस सूत्रों ने बताया कि सिविल लाइंस निवासी पंकज कुमार यादव और मुंशीनगर निवासी प्रमोद यादव फरीदपुर ब्लॉक के लोंगपुर प्राथमिक विद्यालय में तैनात थे। दोनों शिक्षक शुक्रवार सुबह बाइक से परीक्षा ड्यूटी के लिए जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक बरेली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित फरीदपुर टोल प्लाजा के पास पहुंची, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों शिक्षक बाइक समेत दूर जा गिरे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद दोनों सड़क पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े थे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

शिक्षा विभाग में शोक की लहर, CCTV से फरार ट्रक चालक की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमाटर्म के लिए भेज दिया। दोनों शिक्षकों की मौत से शिक्षा विभाग और विद्यालय स्टाफ में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है। टोल प्लाजा और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके।

सिर पर हेलमेट भी नहीं बचा सका जान, इतनी भीषण थी टक्कर
इस हादसे में खास बात यह रही कि दोनों शिक्षक हेलमेट लगाए हुए थे, लेकिन टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हेलमेट सिर से निकलकर दूर जा गिरे और उनकी जान नहीं बच सकी। एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने बताया कि फरीदपुर टोल प्लाजा के पास सड़क हादसे में दो शिक्षकों की मौत हुई है। ट्रक और चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static