केंद्रीय बजट 2026–27 जनोन्मुखी और विकसित भारत की दिशा में अहम: पंकज चौधरी

punjabkesari.in Sunday, Feb 01, 2026 - 07:05 PM (IST)

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने केंद्रीय बजट 2026–27 को जनोन्मुखी बताते हुए इसे विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में अहम कदम करार दिया है। प्रदेश भाजपा मुख्यालय से जारी बयान में उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में प्रस्तुत किया गया यह आम बजट देश की आर्थिक मजबूती, सामाजिक संतुलन और दीर्घकालिक विकास का स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत करता है।

आर्थिक विकास को नई गति देगा बजट 
पंकज चौधरी ने कहा कि बजट निर्माण प्रक्रिया का हिस्सा होने के नाते वह पूरी जिम्मेदारी के साथ कह सकते हैं कि बजट 2026–27 भारत के आर्थिक विकास को नई गति देगा। उन्होंने कहा कि यह बजट नागरिकों की आकांक्षाओं को पूरा करने, उनकी क्षमताओं को बढ़ाने, विकसित भारत के लिए दक्ष और पेशेवर युवाओं को तैयार करने तथा किसानों की आय में वृद्धि करने में निर्णायक साबित होगा।

राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के बीच संतुलन का उत्कृष्ट उदाहरण 
उन्होंने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को लगातार नौवीं बार संसद में बजट प्रस्तुत करने की ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई दी। चौधरी ने कहा कि यह उपलब्धि न केवल नारी नेतृत्व की सशक्त मिसाल है, बल्कि भारत के संसदीय इतिहास का एक स्वर्णिम अध्याय भी है। उनके अनुसार यह बजट जन-आकांक्षाओं और राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के बीच संतुलन का उत्कृष्ट उदाहरण है।

सामाजिक उत्थान की मजबूत कड़ी बनेगा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय दर्शन को साकार करने वाला यह बजट गरीब, मध्यम वर्ग, महिला, युवा और वंचित वर्ग के आर्थिक व सामाजिक उत्थान की मजबूत कड़ी बनेगा। उन्होंने यह भी कहा कि बजट में पूरे देश के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के विकास का भी स्पष्ट रोडमैप सामने रखा गया है। पंकज चौधरी ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट भारत को आत्मनिर्भर, सशक्त और समृद्ध राष्ट्र बनाने की दिशा में निर्णायक भूमिका निभाएगा।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static