UP Budget 2024-25: आज पेश होगा योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल का तीसरा बजट, लोकसभा चुनाव की वजह से मिल सकते हैं कई तोहफे
punjabkesari.in Monday, Feb 05, 2024 - 08:37 AM (IST)
UP Budget 2024-25: उत्तर प्रदेश की उम्मीदों का बजट आज राज्य विधानसभा पेश होगा। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना यूपी का बजट आज पेश करेंगे। माना जा रहा है कि लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए योगी सरकार उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए महत्पूर्ण एलान कर सकती है। अनुमान के मुताबिक यह बजट अब तक का सबसे बड़ा बजट होने वाला है, इस बजट का आकार लगभग 7.50 लाख करोड़ रुपए से अधिक का होने की संभावना है। बजट में रोजगार, युवाओं और महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण घोषणाओं के आसार हैं। सूत्रों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश सरकार का मौजूदा विधानसभा सत्र 2 फरवरी से शुरू हुआ है। यह सत्र 12 फरवरी को समाप्त होगा। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना आज 11 बजे बजट पेश करेंगे। इसके बाद राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अभिभाषण पर चर्चा होगी।
योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल का तीसरा बजट आज होगा पेश
मिली जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने सोमवार को राज्य विधानसभा में पेश किए जाने वाले बजट को अंतिम रूप देते हुए रविवार को कहा कि यह बजट प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का मजबूत आधार बनेगा। आधिकारिक सूत्रों ने एक बयान में बताया कि वित्त मंत्री ने आज यानी फरवरी को प्रस्तुत होने वाले बजट पर अपने कार्यालय कक्ष में हस्ताक्षर कर इस दस्तावेज को अंतिम रूप दिया। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के दूसरे कार्यकाल का तीसरा बजट प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प पर आधारित है।
एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का मजबूत आधार बनेगा यह बजट: सुरेश खन्ना
बताया जा रहा है कि खन्ना ने दावा किया कि यह बजट प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का मजबूत आधार स्तंभ बनेगा। यह बजट प्रदेश के समग्र विकास के साथ ही आधारभूत ढांचे के पुनर्निर्माण और गरीबों, वंचितों, युवाओं, महिलाओं किसानों को सम्मानजनक जीवन जीने के साथ, विकास की मुख्यधारा में लाने को समर्पित होगा। उन्होंने बताया कि यह बजट प्रदेश में प्रचीन सांस्कृतिक गौरव की पुनर्स्थापना के साथ ही विकास के सभी आधुनिक मापदंडों पर चलने का एक दस्तावेज है। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि वह विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए आज बजट पेश करेंगे।

