यूपी: फैजाबाद में दर्जनों मुसलमान बने हिंदू, विशेष पूजा-पाठ से कराया गया धर्म परिवर्तन

punjabkesari.in Tuesday, Apr 25, 2017 - 02:59 PM (IST)

फैजाबाद(अभिषेक सावंत): अंबेडकरनगर जिले के आलापुर क्षेत्र निवासी दर्जन भर से ज्यादा मुस्लिम समुदाय के लोगों ने रविवार को हिंदू धर्म अपना लिया। जमुनिया बाग स्थित आर्य समाज मंदिर में धर्म परिवर्तन करने वालों को हवन पूजन कर यज्ञोपवीत धारण कराया गया। धर्म परितर्वन करने वालों के हिंदू नाम भी रखे गए। हालांकि सुरक्षा कारणों से अभी इन लोगों ने नाम को उजागर नहीं किया गया है।

नट पेशे से जुड़े हैं धर्म परिवर्तन करने वाले
धर्म परिवर्तन करने वालों में अधिकांश नट पेशे से जुड़े हैं। खेल-तमाशा दिखाकर पालन-पोषण करने वाले इन लोगों का कहना है कि उन्होंने स्वेच्छा से हिंदू धर्म अपनाया है। उन्होंने बताया कि उनके पूर्वज हिंदू थे, लेकिन कुछ लोगों ने दबाव डालकर उनके परिवार को मुस्लिम बना दिया। अब उन्होंने दोबारा हिंदू धर्म में लौटने का फैसला किया है। जमुनिया बाग स्थित आर्य समाज मंदिर में प्रधान हिमांशु त्रिपाठी, कैलाशचंद्र श्रीवास्तव, गगन जायसवाल व सुरेंद्र कुमार नट समेत अन्य की मौजूदगी में सुबह से ही हवन-पूजन शुरू हो गया।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ धर्म परिवर्तन 
आचार्य शर्ममित्र शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच करीब 19 लोगों को भगवा गमछा, यज्ञोपवीत धारण कर प्रसाद दिया गया। सुबह से आरंभ हुआ हवन-पूजन दोपहर तक चलता रहा, हालांकि 11 बजे तक इनकी खबर किसी को नहीं लग सकी थी। धर्म परिवर्तन करने वालों का कहना है कि उन्होंने करीब दशक पूर्व मुस्लिम धर्म अपना लिया था। इनके माता-पिता हिंदू हैं। इसीलिए अब उन्होंने दोबारा हिंदू धर्म अपना लिया है।