अब सुरक्षा, निवेश और इंफ्रास्ट्रक्चर में यूपी बना मॉडल: CM Yogi
punjabkesari.in Wednesday, Apr 15, 2026 - 01:07 PM (IST)
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के विकास और बदलती व्यवस्था को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि आज से आठ-नौ वर्ष पहले उत्तर प्रदेश की स्थिति बिल्कुल अलग थी, जहां पहचान का संकट, खराब कनेक्टिविटी और असुरक्षा का माहौल था।
पहले प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति कमजोर थी
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश में सड़कों की हालत इतनी खराब थी कि यह तय करना मुश्किल होता था कि सड़क है या गड्ढा। कानून-व्यवस्था की स्थिति भी कमजोर थी और सरकार की नीयत व नीति स्पष्ट नहीं थी, जिसके कारण निवेशक प्रदेश में आने से कतराते थे।
पीएम मोदी के नेतुत्व में प्रदेश का हुआ विकास
योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि आज उत्तर प्रदेश में सुरक्षा का बेहतर माहौल बना है और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि यूपी अब देश के सामने एक मॉडल के रूप में उभर रहा है।
इसी महीने होगा गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने बताया कि इसी महीने गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण होने जा रहा है, जो करीब 600 किलोमीटर लंबा है। इसके बनने के बाद देश के कुल एक्सप्रेसवे नेटवर्क में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी लगभग 60 प्रतिशत हो जाएगी।
स्पष्ट नीतियों के कारण प्रदेश में निवेशकों का बढ़ा भरोसा
उन्होंने कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था, मजबूत बुनियादी ढांचे और स्पष्ट नीतियों के कारण अब निवेशकों का भरोसा बढ़ा है और प्रदेश तेजी से विकास की ओर अग्रसर है।

