कर्ज ने बनाया हैवान! कौशांबी में पोते ने दादा को दी दर्दनाक मौत; जहर से नहीं मरे तो कुल्हाड़ी से उतारा मौत के घाट

punjabkesari.in Sunday, Mar 08, 2026 - 09:03 AM (IST)

Kaushambi News: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने दादा-पोते के पवित्र रिश्ते को कलंकित कर दिया है। रमपुर धमावन गांव में एक बेरोजगार युवक ने कर्ज के दलदल में फंसकर अपने ही सगे दादा की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी इतना शातिर था कि उसने दो हफ्ते पहले भी बुजुर्ग को मारने की साजिश रची थी।

खेत में काम करते समय किया हमला
मिली जानकारी के मुताबिक, 22 वर्षीय आरोपी नितिन सरोज काफी समय से बेरोजगार था और उस पर भारी कर्ज चढ़ गया था। शनिवार शाम को जब उसके दादा बाबूलाल सरोज खेत में काम कर रहे थे, तभी नितिन वहां पहुंचा। पैसे को लेकर हुए विवाद के बीच उसने आव देखा ना ताव और धारदार हथियार से अपने दादा पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। लहूलुहान बाबूलाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।

पहले जहर, फिर हथियार से वार
मृतक की पत्नी ने पुलिस को दिए बयान में चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि नितिन करीब 15 दिन पहले भी बाबूलाल को जहर देकर मारने की कोशिश कर चुका था। उस समय हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों ने किसी तरह उनकी जान बचा ली थी। परिवार का आरोप है कि नितिन लगातार पैसों के लिए अपने दादा पर दबाव बना रहा था और मना करने पर जान से मारने की धमकियां देता था।

पुलिस की कार्रवाई और जांच
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) राजेश कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

ASP राजेश कुमार सिंह का बयान
शुरुआती जांच में मामला पैसों के विवाद और कर्ज से जुड़ा लग रहा है। आरोपी पोते की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी गई हैं। जल्द ही उसे सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static