Ayodhya-Paper Leak पर भारी बवाल: हंगामे के बीच UP का 59,000 करोड़ का बजट पेश, जानें किसे क्या मिला

punjabkesari.in Tuesday, Aug 04, 2026 - 01:42 PM (IST)

Lucknow News: उत्तर प्रदेश सरकार ने विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 59019.54 करोड़ रुपए का अनुपूरक बजट मंगलवार को प्रस्तुत किया। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने मानसून सत्र के दूसरे दिन शून्यकाल के दौरान विपक्षी सदस्यों के हंगामे के बीच अनुपूरक बजट पेश किया। उन्होंने वित्त वर्ष 2026-27 की अनुपूरक अनुदान मांगों को सदन के समक्ष प्रस्तुत करते हुए कहा कि प्रस्तावित अनुपूरक बजट का आकार 59019.54 करोड़ रुपए है। इसमें राजस्व लेखे का व्यय 17399.50 करोड़ रुपए तथा पूंजी लेखे का व्यय 41620.04 करोड़ रुपए है।

खन्ना ने कहा कि प्रस्तावित अनुपूरक मांगों में नई मांगों के तहत 7,854.25 करोड़ रुपए के प्रस्ताव सम्मिलित हैं। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित अनुपूरक में मुख्यत: भारी एवं मध्यम उद्योगों के लिए 22107.88 करोड़ रुपए, ग्राम्य विकास विभाग के लिए 17942.73 करोड़ रुपए, ऊर्जा विभाग के लिए 7422.27 करोड़ रुपए, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के लिए 2025 करोड़ रुपए, समाज कल्याण के लिए 1655 करोड़ रुपए, महिला कल्याण विभाग के लिए 1094.40 करोड़ रुपए और लोक निर्माण विभाग के लिए 700.01 करोड़ रुपए की व्यवस्था प्रस्तावित है।

बताया जा रहा है कि अयोध्या मंदिर में कथित चंदा चोरी, पेपर लीक तथा अन्य मुद्दों को लेकर सदन में चर्चा कराने की मांग को लेकर विपक्ष के हंगामे के बीच प्रस्तुत किया गया यह अनुपूरक बजट वित्त वर्ष 2026-27 के लिए पेश पहला अनुपूरक बजट है। उत्तर प्रदेश का मानसून सत्र सोमवार को शुरू हुआ था जो 6 अगस्त तक चलेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static