उप्र: आवासीय विद्यालय में खाना खाने के बाद सात छात्राओं की तबीयत बिगड़ी, जांच के आदेश

punjabkesari.in Sunday, Aug 16, 2026 - 03:25 PM (IST)

बदायूं : उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में एक आवासीय बालिका विद्यालय में शनिवार रात खाना खाने के बाद सात छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दातागंज तहसील के समरेर ब्लॉक स्थित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय आवासीय बालिका विद्यालय की बीमार छात्राओं की हालत को देखते हुए उन्हें रात करीब साढ़े 12 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद पांच छात्राओं को उनके परिजन यह कहते हुए घर ले गए कि उनका निजी अस्पताल में इलाज कराया जाएगा। 

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मौजूद चिकित्सकों ने दो छात्राओं की गंभीर हालत के मद्देनजर उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया। समरेर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधिकारी लिकिमा राम ने बताया कि प्रथम दृष्टया गर्मी के कारण छात्राओं की तबीयत बिगड़ने की आशंका है। उन्होंने बताया कि खाने में किसी तरह की दिक्कत होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता और इसकी जांच की जाएगी। 

राम ने बताया कि प्रशासन द्वारा खाने के नमूने लिए जाएंगे और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि भोजन में कोई समस्या थी या नहीं। आवासीय विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि गर्मी की वजह से तीन छात्राओं की तबीयत बिगड़ी थी। दातागंज के उप जिलाधिकारी (एसडीएम) विनोद कुमार सिंह ने मामले पर संज्ञान लेते हुए नायब तहसीलदार के नेतृत्व में जांच का आदेश दिया। 

जिलाधिकारी अवनीश कुमार राय ने बताया कि मामले की जांच के लिए एसडीएम और तहसीलदार की एक समिति गठित की गई है। उन्होंने बताया कि रविवार शाम तक जांच रिपोर्ट मिलने की उम्मीद है। अधिकारी ने बताया कि राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती दोनों छात्राओं की हालत अब स्थिर है और पूरे मामले की जांच कराई जा रही है तथा जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News

static