‘UP में एक नहीं दो होंगे डिप्टी CM!’

punjabkesari.in Saturday, Mar 18, 2017 - 02:54 PM (IST)

लखनऊ: अप्रत्याशित जीत के एक हफ्ते बाद भी बीजेपी उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री नहीं ढ़ूंढ़ पाई है। लेकिन इस बीच खबर आ रही है कि प्रदेश में सीएम के साथ दो उप मुख्यमंत्री भी बनाए जाएंगे! 

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में दो उप मुख्यमंत्री भी शपथ लेेंगे। हालांकि दोनों चेहरों का नाम अभी सामने नहीं आया है। मुख्यमंत्री के साथ साथ प्रदेश में 20 मंत्री भी शपथ ग्रहण करेंगे। मंत्रियों की लिस्ट में उन नेताओं को चुना गया है जो पिछले कई सालों से बीजेपी के विधायक बनते आए हैं। 

बता दें कि मायावती के बनवाए गए कांशीराम उपवन में सीएम शपथ ग्रहण समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। मुख्यमंत्री रविवार दोपहर 2.15 बजे शपथ ग्रहण करेंगे। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह समेत भाजपा शासित मुख्यमंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं के आने की संभावना है।