निकाय चुनाव: भाजपा ने घोषित किए पांच मेयर प्रत्याशी

punjabkesari.in Saturday, Nov 04, 2017 - 11:14 PM (IST)

लखनऊः भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को देर शाम मेयर पद के अपने पांच प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर दी। पार्टी की तरफ से घोषित किए ये वो जिले हैं, जहां प्रथम चरण में चुनाव होना है। देर शाम यह सूची मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मंथन के बाद जारी की गई। इसमें गोरखपुर, अयोध्या, कानपुर, मेरठ और आगरा नगर निगम शामिल है। 

पार्टी के मेयर पद के प्रत्याशियों की इस पहली सूची का भाजपा कार्यकर्ता बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेन्द्र नाथ पांडेय के हस्ताक्षर से जारी इस सूची में गोरखपुर से सीताराम जायसवाल, अयोध्या से ऋषिकेश उपाध्याय, कानपुर से प्रमिला पांडेय, मेरठ से कान्ता कर्दम व आगरा से नवीन जैन को प्रत्याशी घोषित किया गया है।

शुक्रवार से ही भाजपा के प्रदेश कार्यालय पर दावेदारों और उनके समर्थकों की भीड़ लगी हुई थी। शनिवार को दोपहर बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मारीशस यात्रा से वापस आते ही प्रत्याशियों के चयन की कवायद में तेजी आ गई। छह नवंबर नामांकन की अंतिम तारीख होने के कारण भी पार्टी पर सूची जारी करने का दबाव था। सूत्रों के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेन्द्र नाथ पांडेय व प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल शाम को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पांच कालिदास मार्ग पर मिले और प्रत्याशियों के चयन पर चर्चा की। 

मुख्यमंत्री के साथ पार्टी के दोनों पदाधिकारियों की लंबी बैठक के बाद प्रथम चरण में पांच नगर निगमों में होने वाले चुनाव में मेयर पद के प्रत्याशियों का नाम तय कर लिया गया। बैठक में लखनऊ के मेयर पद के प्रत्याशी के नाम पर भी चर्चा हुई लेकिन फैसला नहीं हो सका। अन्य शहरों के मेयर पद के प्रत्याशियों के नाम पर भी सहमति बन गई है लेकिन उसकी घोषणा बाद में की जाएगी।