यूपी निकाय चुनावः भारी बहुमत से बीजेपी की संयुक्ता भाटियां ने दर्ज की जीत

punjabkesari.in Friday, Dec 01, 2017 - 04:41 PM (IST)

लखनऊः देश को पहली महिला राज्यपाल और पहली महिला मुख्यमंत्री देने का गौरव उत्तर प्रदेश को हासिल है। इसी क्रम में अब यूपी की राजधानी लखनऊ को पहली महिला मेयर मिल गई है। नगर निकाय चुनाव में बीजेपी की संयुक्ता भाटिया ने ये उपलब्धि हासिल की है।

दरअसल राजधानी में नगर निगम चुनावों में 100 साल में लखनऊ की मेयर कोई महिला नहीं बनी थी। इस बार लखनऊ मेयर की सीट महिला के लिए आरक्षित थी। वैसे तो ये सीट बीजेपी की परंपरागत सीटों मे से एक मानी जाती रही है, लेकिन ​सपा और बसपा द्वारा सिंबल पर चुनाव लड़ने के ऐलान के बाद मुकाबला दिलचस्प हो गया था।

यहां 1320 बूथों पर करीब 5 लाख 80 हजार 64 मतों में से बीजेपी की संयुक्ता भाटिया ने 2 लाख 43 हजार 169 वोट हासिल किए। वहीं सपा की मीरावर्धन दूसरे स्थान पर रहीं। मीरा वर्धन को 1 लाख 58 हजार 974 वोट मिले। इनके अलावा कांग्रेस की प्रेमा अवस्थी 70 हजार 753 मत के साथ तीसरे स्थन पर रहीं, जबकि बसपा की बुलबुल गोदियाल 53 हजार 258 वोट के साथ चौथे स्थान पर रहीं।