उत्तराखंड के विधायक सुरेंद्र सिंह जीना का CORONA से निधन, दिल्ली के अस्पताल में तोड़ा दम

punjabkesari.in Thursday, Nov 12, 2020 - 12:20 PM (IST)

 

नई दिल्ली/देहरादूनः उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले की सल्ट विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र सिंह जीना का गुरुवार सुबह नई दिल्ली के एक अस्पताल में उपचार के दौरान देहावसान हो गया। वह 50 वर्ष के थे।

भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और मुख्य प्रवक्ता डॉक्टर देवेंद्र भसीन ने जानकारी देते हुए बताया कि जीना पिछले कुछ दिनों से कोरोना संक्रमित होने के कारण दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में उपचाराधीन थे। जहां गुरुवार प्रात: लगभग 4 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। वहीं हाल ही में उनकी पत्नी की ह्रदयाघात से मृत्यु हो गई थी। इसके बाद विधायक जीना तनावग्रस्त होने के साथ कोरोना संक्रमित हो गए।

बता दें कि 8 दिसम्बर, 1969 को जन्मे सुरेंद्र सिंह जीना पूर्व में भिकियासैंण क्षेत्र से पहली बार वर्ष 2002 में भाजपा के टिकट पर विधायक निर्वाचित हुए थे। इसके बाद वर्ष 2012 में सल्ट से उन्होंने चुनाव लड़ा और विजयी हुए। लोकप्रिय नेताओं में शुमार जीना तीसरी बार वर्ष 2017 में विधायक निर्वाचित हुए। वह कुमायूं विकास निगम के अध्यक्ष भी रह चुके थे।

Nitika