उत्तराखंड: पुष्कर धामी की हुई ताजपोशी, शपथ ग्रहण में मौजूद रहे PM मोदी-CM योगी

punjabkesari.in Wednesday, Mar 23, 2022 - 03:16 PM (IST)

देहरादूनः पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई केंद्रीय मंत्री और राज्यों के मुख्यमंत्री शपथ ग्रहण के साक्षी बने। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) ​गुरमीत सिंह ने धामी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। वहीं धामी के शपथ ग्रहण समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हिस्सी लिया।

LIVE UPDATES:-

  • पुष्कर सिंह धामी ने ली सीएम पद की शपथ 
  • सतपाल महाराज ने ली मंत्री पद की शपथ 
  • धन सिंह रावत ने ली मंत्री पद की शपथ 

  • प्रेमचंद मिश्रा ने ली संस्कृत में ली मंत्री पद की शपथ 
  • रेखा आर्या ने भी ली शपथ
  • गणेश जोशी ने ली  मंत्री पद की शपथ 
  • चंदन रामदास ने पहली बार ली मंत्री पद की शपथ
  • सौरभ बहुगुणा ने ली शपथ


उत्तराखंड के मनोनीत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेने के लिए हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा और गोवा के मनोनीत मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत देहरादून पहुंचे। हाल ही में घोषित विधानसभा चुनाव परिणाम में भाजपा ने 70 में से 47 सीट पर जीत हासिल किया और दो-तिहाई से अधिक बहुमत के साथ लगातार दूसरी बार सत्ता में आई। 

हालांकि ‘‘उत्तराखंड फिर मांगे, मोदी-धामी की सरकार'' के नारे के साथ विधानसभा चुनाव लड़ने वाली भाजपा की अगुवाई करने वाले धामी स्वयं अपनी परंपरागत खटीमा सीट से हार गए। इस कारण नेतृत्व को मुख्यमंत्री के नाम पर नए सिरे से मंथन करना पड़ा, जिसमें लगभग 11 दिन का वक्त लग गया। इससे पहले सोमवार शाम यहां बलबीर रोड स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में पर्यवेक्षक और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तथा सह पर्यवेक्षक एवं विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी की मौजूदगी में भाजपा विधायक दल की बैठक हुई।

Content Writer

Nitika