झारखंड विस चुनाव: तीसरे चरण का मतदान खत्म, कई दिग्गजों की किस्मत EVM में कैद

punjabkesari.in Thursday, Dec 12, 2019 - 05:30 PM (IST)

रांचीः झारखंड विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के तहत 17 सीटों पर मतदान समाप्त हो गया है। इस चरण में कोडरमा, बरकट्ठा, बरही, बड़कागांव, रामगढ़, मांडू, हजारीबाग, सिमरिया, धनवार, गोमिया, बेरमो, ईचागढ़, सिल्ली, खिजरी, रांची, हटिया, कांके विधानसभा सीटों पर मतदान हुआ। 17 विधानसभा सीटों पर करीब 61 प्रतिशत मतदान हुआ।

क्रमांक विधानसभा सीट 5 बजे तक मतदान प्रतिशत
1 रांची 39.85%
2 कोडरमा 58.02%
3 बरकट्ठा 57.05%
4 बरही 57.04%
5 बड़कागांव 60.38%
6 रामगढ़ 61.13%
7 मांडू 65.01%
8 हजारीबाग 55.39%
9 सिमरिया 62%
10 धनवार 59.86%
11 गोमिया 66.02%
12 बेरमो 59.05%
13 ईचागढ़ 67.09%
14 सिल्ली 68.22%
15 खिजरी 63.09%
16 हटिया 53.63%
17 कांके 52.68%

तीसरे चरण की 17 विधानसभा सीटें आठ जिलों में स्थित है। इनमें कोडरमा जिले में कोडरमा, हजारीबाग जिले में हजारीबाग, बरकट्ठा, बरही और मांडू, चतरा जिले में सिमरिया, रामगढ़ जिले में बड़कागांव और रामगढ़, गिरिडीह जिले में धनवार, बोकारो जिले में गोमिया और बेरमो, सरायकेला-खरसावां जिले में ईचागढ़ और रांची जिले में सिल्ली, खिजरी, रांची, हटिया और कांके शामिल हैं।

इन 17 सीटों पर 309 प्रत्याशी मैदान में उतरे जिनमें 32 महिला प्रत्याशी भी शामिल हैं। तीसरे चरण में 56,18,267 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इन मतदाताओं में 29,37,976 पुरुष, 26,80,205 महिला और 86 थर्ड जेंडर वोटर शामिल थे। इन सीटों पर 1,44,153 युवा मतदाताओं ने पहली बार वोट डाले। आयोग की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में बताया गया कि मतदान के लिए कुल 7016 मतदान केन्द्र बनाए गए थे। तीसरे चरण में जेवीएम सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी, आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो सहित कई दिग्गजों ने किस्मत आजमाई।

2014 के विधानसभा चुनाव में तीसरे चरण की 17 विधानसभा सीटों में से 10 पर भाजपा ने कब्जा जमाया था। वहीं एक सीट पर आजसू ने, दो सीट पर कांग्रेस ने, तीन पर झामुमो ने और एक सीट पर भाकपा माले के प्रत्याशी ने जीत दर्ज की थी। बता दें कि पहले और दूसरे चरण के चुनाव 30 नवंबर और 7 दिसंबर को हो चुके हैं। पहले और दूसरे चरण के चुनावों में करीब 64 प्रतिशत मतदान हुए थे। इसके बाद चौथे चरण की 16 दिसंबर तथा आखिरी व पांचवे चरण की वोटिंग 20 दिसंबर को होगी। रिजल्ट 23 दिसंबर को आएंगे।

 


 

prachi