UP Weather Alert: आज 60 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं... बिजली गिरने का अलर्ट, जानें आपके जिले में कब लौटेगी लू
punjabkesari.in Friday, Jun 05, 2026 - 02:01 PM (IST)
UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में अगले 2 दिनों के दौरान मौसम में बदलाव के आसार हैं। मौसम विभाग ने राज्य के पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की है। वहीं 9 जून से प्रदेश के कई इलाकों में पुन: लू का प्रभाव बढ़ने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम केंद्र लखनऊ द्वारा शुक्रवार दोपहर जारी दैनिक मौसम पूर्वानुमान बुलेटिन के अनुसार 5 और 6 जून को पश्चिमी तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा अथवा बौछारें पड़ सकती हैं। इसके बाद 7 से 9 जून तक अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 10 जून को एक बार फिर कहीं-कहीं वर्षा और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं, जबकि 11 जून को प्रदेश के दोनों हिस्सों में छिटपुट वर्षा के आसार हैं।
आज आंधी-बिजली के साथ ओलावृष्टि का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज यानी 5 जून के लिए विशेष चेतावनी जारी करते हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं मेघगर्जन, वज्रपात तथा 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी मेघगर्जन, बिजली चमकने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है। 6 जून को पूर्वी उत्तर प्रदेश में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।
9 जून से फिर तपाएगी भीषण लू
मौसम विभाग के अनुसार 9 जून से 11 जून के बीच पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर उष्ण लहर (लू) चलने की संभावना है। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने तथा स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आगामी सप्ताह के दौरान प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदलता रहेगा। शुरुआती दिनों में आंधी, बारिश और वज्रपात की गतिविधियां राहत पहुंचा सकती हैं, लेकिन इसके बाद तापमान में वृद्धि के साथ लू का असर फिर से महसूस किया जा सकता है।

