10 महीने का इंतजार और आधी रात को गूंजी चीख: पत्नी के गम में डूबे पति ने उठाया वो कदम, जिसे देख कांप उठा पूरा गांव
punjabkesari.in Thursday, Mar 05, 2026 - 01:37 PM (IST)
Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। जहां जलेसर थाना क्षेत्र के पुन्हेरा गांव में एक युवक ने अपनी पत्नी की जुदाई और पारिवारिक कलह से तंग आकर मौत को गले लगा लिया। बुधवार रात 32 वर्षीय दुष्यंत ने देसी तमंचे से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
10 महीने का इंतजार और जानलेवा तनाव
ग्रामीणों और परिजनों के मुताबिक, दुष्यंत पिछले काफी समय से अपनी निजी जिंदगी को लेकर भारी मानसिक तनाव में था। उसकी पत्नी पिछले 10 महीनों से अपने मायके में रह रही थी। दुष्यंत ने उसे वापस लाने की कई बार कोशिश की, लेकिन पत्नी के न लौटने से वह भीतर ही भीतर टूट चुका था। बुधवार की रात इसी गम और तनाव में उसने शराब का सेवन किया और फिर खौफनाक कदम उठा लिया।
तमंचे की गूंज और पसरा सन्नाटा
नशे की हालत में दुष्यंत ने घर में रखे अवैध देसी तमंचे से खुद पर फायर कर दिया। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। दुष्यंत की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे गांव में मातम छाया हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
सूचना मिलते ही जलेसर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव के पास से ही वह देसी तमंचा बरामद कर लिया है, जिससे गोली चलाई गई थी। थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में यह मामला पारिवारिक तनाव के कारण की गई आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह और समय की पुष्टि हो सकेगी।

