रामपुर छेड़छाड़ कांड पर आजम के बेतुके बोल-जहां बेशर्मी का नंगा नाच हो वहां न जाएं लड़कियां

punjabkesari.in Sunday, May 28, 2017 - 06:51 PM (IST)

रामपुर: अपने विवादित बयानों को लेकर हमेशा सुर्खियों में रहने वाले सपा के फायरब्रांड नेता आजम खान ने एक बार फिर विवादास्पद बयान दिया है। महिलाओं से छेड़छाड़ का वायरल हो रहे वीडियो पर आजम खान ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘लडि़कयों को उन जगहों पर नहीं जाना चाहिए जहां बेशर्मी का नंगा नाच हो। बुलंदशहर हादसे के बाद हर शख्स को कोशिश करनी चाहिए कि उनकी घरों की औरतें घर में रखें।’ 

योगी सरकार पर कसा तंज
उन्होंने कहा कि इसमें नया क्या है। उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार आने के बाद यहां रेप और हत्याओं के मामले कई बार सामने आ चुके हैं। उन्होंने आगे तंज कसते हुए कहा कि सीएम योगी के साथ मीडिया का भी शुिक्रया जिनकी लापरवाही की वजह से यूपी में अपराध बढ़ रहे हैं। 

क्या है मामला? 
बता दें कि लखनऊ से करीब 318 किमी दूर एक गांव का वीडियो सामने आया है जिसमें 14 आदमी दो महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करते हुए नजर आ रहे हैं। खबरों के अनुसार वीडियो तांडा पुलिस स्टेशन के करीबी गांव का है। वीडियो आरोपियों ने मोबाइल से बनाया और इसे सोशल साइट्स पर पोस्ट कर दिया। हालांकि ये साफ नहीं हो पाया है कि वीडियो कब का है। लेकिन कथित तौर पर वीडियो पिछले दो हफ्तों से शेयर किया जा रहा है। वहीं पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि वारदात में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छानबीन शुरू कर दी है।

दूसरी तरफ पुलिस अभी तक पीड़ितों के बारे में कोई सूचना हासिल नहीं कर सकी है। जबकि वीडियो में मुख्य आरोपी को साफ तौर पर देखा जा सकता है जो कि संकीर्ण सड़क पर महिलाओं के रास्ते रोकते हुए नजर आ रहा है। वीडियो में शख्स एक बाइक पर है जबकि चारों तरफ पेड़ नजर आ रहे हैं। वीडियो में आरोपी महिलाओं को धक्का देते, अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते और उन्हें यहां-वहां खींचते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में महिलाओं को रोते और चिल्लाते हुए साफ तौर पर सुना जा सकता है।