Pratapgarh Crime News: प्रेमी के प्यार में अंधी पत्नी बनी पति की कातिल, साथी के साथ मिलकर उतारा मौत के घाट
punjabkesari.in Tuesday, Apr 21, 2026 - 10:23 AM (IST)
Pratapgarh News: प्रतापगढ़ जिले के हथिगवां थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी, प्रेमी और एक साथी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों को सोमवार देर शाम डीहा स्थित दुआर नाला के पास से स्वाट टीम और थाना पुलिस के संयुक्त दल ने गिरफ्तार किया।
अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनंदन राय ने बताया कि तुला का पुरवा मजरा बेती निवासी रीना यादव ने 19 अप्रैल को पुलिस को सूचना दी कि उसके पति देवतादीन (40) का शव सुबह 6 बजे घर के बाहर चारपाई पर पड़ा मिला। शरीर पर मुंह-नाक के पास खून और गले पर रस्सी के निशान थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसकी रिपोर्ट मिलने पर गला दबाने से मौत की पुष्टि हुई।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान सामने आया कि देवतादीन की पत्नी रीना ने ही प्रेमी सुभाष पाल व उसके साथी गुड्डू पटेल के साथ मिलकर गला दबाकर उसकी हत्या की थी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इसके बाद पुलिस ने तीनों के खिलाफ हत्या समेत अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी।
थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह और स्वाट टीम प्रभारी अमित चौरसिया के संयुक्त दल को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी डीहा स्थित दुआर नाला के पास मौजूद हैं जिसके बाद घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। एएसपी ने कहा कि पूछताछ में रीना ने प्रेमी और सहयोगी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी कर जेल भेज दिया है।

