‘विकीपीडिया’ ने बनाया मनोज सिन्हा को उत्तर प्रदेश का नया मुख्यमंत्री

punjabkesari.in Saturday, Mar 18, 2017 - 03:05 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की नयी भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री को लेकर फैसला भले ही आज शाम को होना हो, लेकिन वेबसाइट ‘विकीपीडिया’ ने केन्द्रीय मंत्री मनोज सिन्हा का नाम पहले ही राज्य के 21वें मुख्यमंत्री के रूप में दर्ज कर दिया।

विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के करीब एक हफ्ते बाद प्रदेश के नये मुख्यमंत्री का नाम तय करने के लिये भाजपा की बैठक शाम चार बजे लखनऊ स्थित ‘लोक भवन’ में होनी है लेकिन उससे काफी पहले ही ‘विकीपीडिया’ ने 21वें मुख्यमंत्री के तौर पर रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा का नाम दर्ज कर दिया। 

विकीपीडिया को आम तौर पर सामान्य जानकारी के लिये विश्वसनीय स्रोत माना जाता है। हालांकि, प्रदेश के नये मुख्यमंत्री के लिये मनोज सिन्हा का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। बहरहाल, सिन्हा ने कहा है कि वह मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल नहीं हैं और ना ही उनका कोई दावा है। जो अटकलें लगायी जा रही हैं, वे मीडियाजनित हैं।