300 बेड का अस्पताल, डिजिटल लेबर चौक ऐप.. मजदूर दिवस पर CM Yogi ने श्रमिकों को दीं कई सौगात, कहा- ये नए भारत के ''शिल्पकार'' हैं
punjabkesari.in Friday, May 01, 2026 - 04:31 PM (IST)
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को मजदूर दिवस पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ''नए भारत'' के दृष्टिकोण में श्रमिक "शिल्पकार" हैं। मुख्यमंत्री ने श्रमिकों के उत्थान के लिए उठाए गए विभिन्न कल्याणकारी उपायों को रेखांकित किया। 'श्रमवीर गौरव समारोह-2026' की शुरुआत के अवसर पर लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, आदित्यनाथ ने कहा कि श्रमिक विषम परिस्थितियों में भी अथक परिश्रम करते हैं और उनका योगदान राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
'श्रमिक गर्मी, बरसात, लू किसी भी परिस्थिति में रुकता नहीं है'
एक बयान के मुताबिक उन्होंने कहा, ''हमारा श्रमिक गर्मी, बरसात, लू कुछ किसी भी परिस्थिति में काम करता है और वह न रुकता है, न थकता है, न डिगता है। आपके पसीने की एक एक बूंद जब इस धरती पर पड़ती है, तो यह धरती माता सोना उगलने का काम भी करती हैं।'' मुख्यमंत्री ने कहा, ''श्रमिक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नए भारत के दृष्टिकोण के निर्माता हैं।'' उन्होंने कहा कि पहले यह एक "विरोधाभास" था कि दूसरों के लिए घर बनाने वाले मजदूरों के पास अपना घर नहीं था।
16 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन
योगी आदित्यनाथ ने कहा, ''जिन्होंने दूसरों के लिए घर और शौचालय बनाए, उनके पास अक्सर ऐसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव था।'' उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में सरकारों ने इन मुद्दों के समाधान के लिए काम किया है। कल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए, आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में, पिछले 12 वर्षों में देश भर में लगभग चार करोड़ घर उपलब्ध कराए गए हैं, जिनमें उत्तर प्रदेश में 65 लाख शामिल हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में लगभग 16 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया, ''गरीबों को मिलने वाला राशन पहले लोग चट कर जाते थे।''
300 बेड का अस्पताल, डिजिटल लेबर चौक ऐप की सौगात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रमिक कल्याण से जुड़ी कई योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने श्रमिकों को डिजिटल लेबर चौक ऐप और 300 बेड वाले ईएसआईसी अस्पताल की सौगात दी। साथ ही नोएडा और ग्रेटर नोएडा में श्रमिकों के लिए हॉस्टल, डिस्पेंसरी और औद्योगिक सुविधाओं के विस्तार की भी घोषणा की।
सीएम ने छात्रों को टैबलेट, श्रमिकों को टूलकिट और प्रमाणपत्र वितरित किए
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने छात्रों को टैबलेट, श्रमिकों को टूलकिट और प्रमाणपत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के माध्यम से कौशल विकास और स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ अब श्रमिकों तक प्रभावी ढंग से पहुंच रहा है। उनके बच्चे अटल आवासीय विद्यालयों में शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं और आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सुविधाओं का भी लाभ उठा रहे हैं।

