योगी के विधायक ने लगाई एेसी फटकार, लेडी IPS की आंख में आए आंसू

punjabkesari.in Monday, May 08, 2017 - 08:00 AM (IST)

गोरखपुर: गोरखपुर में एक भाजपा विधायक की फटकार के बाद लेडी आई.पी.एस. चारू निगम की आंख में आंसू आ गए। विधायक राधा मोहन दास अग्रवाल का आरोप है कि आई.पी.एस. ने कच्ची शराब के विरोध में प्रदर्शन करने वाली महिलाओं पर लाठीचार्ज कराया। उनमें एक प्रैग्नैंट लेडी और बच्चों को भी चोटे आई हैं। इससे पहले उन महिलाओं की कच्ची शराब के ठेके बंद कराने की मांग को लेकर पुलिस से झड़प हुई। इसमें चले लाठी-डंडों में सी.ओ. गोरखनाथ चारू निगम को चोटें आई हैं।

मामला चिलुआताल थाना क्षेत्र के कोइलहवा गांव का है। यहां कच्ची शराब के खिलाफ ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान सड़क जाम खुलवाने के लिए सी.ओ. गोरखनाथ चारू निगम और ग्रामीणों में झड़प हो गई। इसमें ग्रामीणों ने पुलिस पर सड़क जाम खुलवाने के विरोध में डंडे और पत्थर बरसा दिए जिसमें चारू निगम को चोटें आई हैं। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आधा दर्जन प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।

ग्रामीणों पर पुलिस की कार्रवाई के विरोध में भाजपा विधायक राधामोहन दास अग्रवाल ने मौके पर पहुंचकर फिर से सड़क को जाम कर दिया। उन्होंने ग्रामीणों को छोड़ने पर ही जाम खोलने की बात कही। उनका आरोप है कि चारू निगम ने जान-बूझकर ग्रामीणों पर लाठीचार्ज करा दिया। इससे कई महिलाओं और बच्चों को चोटें आई हैं। उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए था। विधायक ने सड़क जाम कर आई.पी.एस. चारू निगम को जमकर फटकार लगाई जिसके बाद उक्त आई.पी.एस. अधिकारी अपने आंसू रोक नहीं पाईं और रोने लगीं।