योगी सरकार का विशेष स्किल मिशन, शिक्षकों को बनाया जाएगा ''मास्टर ट्रेनर'', युवाओं को मिलेगा रोजगार

punjabkesari.in Tuesday, Jul 14, 2026 - 11:26 AM (IST)

लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा और आधुनिक कौशल से जोड़ने की दिशा में लगातार नए कदम उठा रही है। इसी क्रम में गन्ना विकास विभाग और वाधवानी फाउंडेशन की सहयोगी संस्था स्किल्स डेवलपमेंट नेटवर्क (एसडीएन) के संयुक्त तत्वावधान में लखनऊ स्थित लाल बहादुर शास्त्री गन्ना किसान संस्थान में 13 से
15 जुलाई तक तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य गन्ना विकास विभाग की सहकारी गन्ना विकास समितियों के माध्यम से संचालित विद्यालयों और महाविद्यालयों के शिक्षकों को आधुनिक तकनीकी एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण देकर उन्हें 'मास्टर ट्रेनर' के रूप में तैयार करना है। इसके माध्यम से शिक्षक अपने संस्थानों में विद्यार्थियों को रोजगारपरक कौशल शिक्षा प्रदान करेंगे, जिससे युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ेगी और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे।

बेटियों को भी आत्मनिर्भर बनाने की पहल
चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग की आयुक्त मिनिस्ती एस ने कहा कि योगी सरकार का लक्ष्य युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित करना और उनके कौशल का निरंतर विकास करना है। इसी सोच के अनुरूप प्रशिक्षण कार्यक्रम में 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' अभियान के तहत छात्राओं के कौशल विकास और आत्मनिर्भरता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद शिक्षक विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक, रोजगारपरक शिक्षा और वैश्विक बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करेंगे। इससे ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों के युवाओं को भी बेहतर रोजगार एवं करियर के अवसर मिलेंगे। यह पहल योगी सरकार की उस नीति को मजबूत करती है, जिसके तहत शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार को एक साथ जोड़कर प्रदेश के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर अपर गन्ना आयुक्त (प्रशासन) अभिषेक आनंद, अपर गन्ना आयुक्त (विकास) वी.के. शुक्ल, अपर गन्ना आयुक्त (समितियां) डॉ. वी.बी. सिंह समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static