योगी ने हाईस्कूल और इण्टरमीडिएट के 1,709 मेधावियों को किया सम्मानित

punjabkesari.in Tuesday, May 29, 2018 - 08:23 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाईस्कूल और इण्टरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले 1,709 मेधावी विद्यार्थियों को आज सम्मानित किया।  

आधिकारिक प्रवक्ता ने यहां बताया कि सम्मानित मेधावी विद्यार्थियों में 146 राज्यस्तर तथा 1,563 जिला स्तर के विद्यार्थी शामिल है। राज्यस्तर के मेधावी विद्यार्थियों को एक लाख रुपये की धनराशि का चेक, एक टैबलेट, मेडल और प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया जबकि जिला स्तर के मेधावी विद्यार्थियों को 21 हजार रुपये की धनराशि का चेक, एक टैबलेट, मेडल और प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले 11 विद्यार्थियों के माता-पिता तथा प्रधानाचार्य को भी मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।  इस मौके पर योगी ने कहा कि मनुष्य अपनी मेधा और परिश्रम से असभव को संभव बना सकता है। 

उन्होंने अभिभावकों से बालक-बालिका में भेद न करने का आह्वान किया और कहा कि राज्य सरकार ने शिक्षा व्यवस्था में शुचिता, पारदर्शिता और गुणवत्ता पर बल देगी।  डॉ0 राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय के डॉ0 आंबेडकर सभागार में आयोजित कार्यक्रम में राज्यस्तर के विद्यार्थियों में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के हाईस्कूल के 55, इण्टरमीडिएट के 42, केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, नई दिल्ली के इण्टरमीडिएट के 11 तथा काउंसिल फॉर द इण्डियन स्कूल एग्काामिनेशन, नई दिल्ली के हाईस्कूल के 16 तथा इण्टरमीडिएट के 22 विद्यार्थी थे। इन विद्यार्थियों में से प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले 11 विद्यार्थियों के माता-पिता तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य को भी सम्मानित किया गया। 

योगी ने कहा कि मनुष्य अपार संभावनाओं से युक्त ईश्वर की सर्वश्रेष्ठ कृति है। मनुष्य अपनी मेधा और परिश्रम से असंभव को संभव बना सकता है। परिश्रम के साथ ‘फल की ङ्क्षचता किये बगैर कर्मरत रहने’ के गीता का संदेश ध्यान में रखा जाना आवश्यक है। परिश्रम को छोड़कर शार्टकट अपनाने वाले कभी भी मंजिल तक नहीं पहुंचते। परिश्रम को सफलता का एक मात्र रहस्य बताते हुए उन्होंने कहा कि मेहनत से भागकर केवल तनाव ही हासिल होता है। ऊँचे लक्ष्य हासिल करने के लिए तनावमुक्त रहना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान के माध्यम से प्रदेश की ऊर्जा और मेधा को मंच प्रदान किया गया है। प्रदेश की यह शक्ति भविष्य में उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने में सहयोगी और सहभागी बनेगी। माध्यमिक शिक्षा परिषद की इण्टरमीडिएट परीक्षा की मेरिट में फतेहपुर के विद्यार्थी द्वारा प्रथम स्थान प्राप्त करने पर रजनीश शुक्ला उनके अभिभावकों और शिक्षकों की प्रशंसा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि फतेहपुर प्रदेश के सर्वाधिक पिछड़े आठ जिलों में से एक है। ऐसे में वहां के विद्यार्थी का सर्वाेच्च स्थान प्राप्त करना उल्लेखनीय है। 

उन्होंने कहा कि विगत वर्ष की परीक्षा की मेरिट लिस्ट में भी बालिकाओं की संख्या अधिक थी। प्रदेश बोर्ड की इस वर्ष की मेरिट लिस्ट के 97 विद्यार्थियों में 35 बालक और 62 बालिकाएं हैं। इस प्रकार बालिकाओं की संख्या लगभग दो-गुनी है। विभिन्न बोर्डाें के आज समानित सर्वाेच्च अंक प्राप्त करने वाले 11 विद्यार्थियों में बालिकाओं की संख्या 8 है। इससे साबित होता है कि बालिकाएं मेहनती और प्रतिभाशाली हैं और समुचित अवसर प्राप्त करने पर देश को नई दिशा देने में बड़ी भूमिका निभा सकती हैं। 

Punjab Kesari