सपा कार्यकर्ताओं को हत्या और बलात्कार जैसे मामलो में फंसा रही है योगी सरकार: अखिलेश

punjabkesari.in Thursday, Aug 10, 2017 - 04:12 PM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आरोप लगाया है कि योगी आदित्यनाथ सरकार सपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं को निशाना बनाकर हत्या और बलात्कार के मामलों में फंसा रही है ताकि उन्हें पंचायतों के पदों से हटाया जा सके। 

उन्होंने कहा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं ने आरोप लगाया था कि पुलिस स्टेशनों को सपा नेताओं द्वारा चलाया जा रहा है। अब कौन पुलिस स्टेशनों को चला रहा है। दिन पर दिन अपराध क्यों बढ़ रहे हैं। डायल 100 अब भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया है। सपा सरकार के दौरान यह अपने काम के लिये जाना जाता था। यह वैसा ही रामराज्य है जैसा भाजपा प्रदेश में चाहती थी। 

अखिलेश यादव ने आज यहां संवाददाताओं से कहा कि औरैया, कन्नौज, सिद्धार्थनगर समेत प्रदेश के कई नौजवानों तथा उनके परिवारों को निशाना बनाकर उन पर तमाम तोहमत लगाये जा रहे हैं ताकि उन्हें विभिन्न अपराधों में फंसाया जा सके और जिला पंचायत, ब्लाक अध्यक्ष और पंचायत सदस्यों के पदों पर कजा किया जा सके।