कानून व्यवस्था के मसले पर आज योगी सरकार को घेरेगी सपा

punjabkesari.in Monday, May 29, 2017 - 10:04 AM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था के मुद्दे पर आज राज्यव्यापी अभियान छेड़ कर योगी सरकार को घेरने की कोशिश करेगी। सपा के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में योगी सरकार बनते ही कानून व्यवस्था की रोजबरोज बिगड़ती स्थिति चिंताजनक हैं।अपराधियों को जेल भेजने की चेतावनी के बाद तो अपराधों की बाढ़ सी आ गई हैं। अपराधी बैखौफ हैं और पुलिस प्रशासन उनके आगे असहाय दिख रहा है। भाजपा विधायक और मंत्री भी अधिकारियों को धमकाते और दबंगई दिखाने के रिकार्ड बना रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यूपी 100 पुलिस और एम्बूलेंस अब समय से नहीं पहुंचती है। घायलों का समय से इलाज नहीं होता है। गरीब के घरों-खेतों पर अंगोछाधारी कब्जे कर रहे हैं। मथुरा, ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र, वाराणसी, गोरखपुर, इलाहाबाद, लखनऊ, अमरोहा सहित रामपुर में भी हत्या, डकैती, लूट, बलात्कार जैसी संगीन ताजा घटनाएं घटीं है लेकिन उनके आरोपी कानून को चकमा दे रहे हैं। जनता इस सबसे भयभीत है।

चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देशानुसार समाजवादी पार्टी के जिला पदाधिकारी आज प्रत्येक जिले में जिलाधिकारियों के माध्यम से राज्यपाल रामनाईक को संबोधित ज्ञापन देकर उनसे प्रदेश के बिगड़ते वर्तमान हालात पर हस्तक्षेप करने की मॉग करेंगे।