UP में यूथ राज: जातीय दीवार ढहाने को तैयार प्रियंका-डिंपल

punjabkesari.in Thursday, Jan 19, 2017 - 01:08 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के सियासी मैदान में राजनीतिक दलों ने अपने पहलवानों का चयन करना शुरू कर दिया है। जिसमें युवाओं और महिलाओं पर राजनीतिक दल जोर दे रहे हैं। दरअसल इसके पीछे की वजह यह है कि इस बार उत्तर प्रदेश के बूथों पर यूथ का राज रहने वाला है। जिसे देखते हुए मायावती ने जहां युवाओं को कैश देने का ऐलान करने के साथ ही बड़ी संख्या में युवा प्रत्याशियों को टिकट दिया है। वहीं अखिलेश यादव ने पहले ही लैपटॉप देने का वायदा करने के साथ ही युवाओं को लेकर तमाम योजनाओं का ऐलान कर रखा है। 

युवाओं पर इसलिए पार्टियों का है जोर 
चुनाव आयोग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक यू.पी. के कुल वोटरों में से 54 फीसदी भागीदारी 40 वर्ष से कम उम्र के वोटरों की है।  प्रदेश में 29 फीसदी वोटरों की उम्र 30 साल से भी कम है। करीब 24.25 लाख वोटर ऐसे हैं जो पहली बार वोट देंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी टी. वेंकटेश ने बताया कि 39 वर्ष तक की उम्र के कुल वोटर करीब 7.55 करोड़ हैं। जाहिर है कि राज्य की हर सीट पर युवा निर्णायक भूमिका निभाने जा रहे हैं। 

जातीय दीवार ढहाने को तैयार प्रियंका-डिंपल 
यू.पी. की राजनीति में पिछले अढाई दशक से जातीय दीवार लगातार ऊंची होती जा रही है। इसे तोडऩे के लिए इस बार सपा और कांग्रेस हाथ मिला रहे हैं। इस गठबंधन के तरकश में प्रियंका और डिंपल के रूप में सबसे मारक शस्त्र हैं, वहीं अखिलेश और राहुल गांधी के रूप में दो बड़े चेहरे हैं। हालांकि भाजपा में भी वरुण गांधी, योगी आदित्यनाथ, श्रीकांत शर्मा और केशव मौर्य जैसे युवा नेता हैं। वहीं मायावती ने यूपी में दलित मुस्लिम गठजोड़ को ध्यान में रखते हुए सोशल इजीनियरिंग का दाव चला है। अब देखना यह होगा कि इस मुकाबले में 11 मार्च को कौन किसे पटखनी देता है।

आधी आबादी भी दिखाएगी दम
युवाओं के साथ ही आधी आबादी भी चुनाव में अपना दम दिखाएगी। दरअसल राज्य में 39 साल तक की महिला मतदाताओं की संख्या 3.33 करोड़ हैं। इसमें 25 वर्ष की उम्र तक की महिला मतदाता  93 लाख के करीब है। नाम जुड़वाने के लिए आए आवेदनों में भी 55 फीसदी महिलाओं के थे। जनसंख्या के हिसाब से महिला वोटर 58.78 प्रतिशत से 60.38 प्रतिशत हो गई हैं। कुल वोटरों में 1.85 करोड़ यानी 13 फीसदी ही ऐसे हैं जिनकी उम्र 60 पार है। 

युवा-महिला वोटर बढऩे से बढ़ेगा मतदान प्रतिशत 
प्रदेश में 54 प्रतिशत वोटर 18 से 40 वर्ष की उम्र के, महिला वोटर भी बढ़ीं, सर्वे में पाया गया है कि 18 से 31 वर्ष की आयु के वोटर बड़ी संख्या में मतदान करते हैं। इसलिए युवा-महिला वोटर बढऩे से निश्चित ही मतदान प्रतिशत बढ़ेगा।  - अमृता सोनी, अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी, यू.पी. 

किसकी कितनी भागीदारी 

18 से 19 वर्ष      24.25 लाख 
20 से 29 वर्ष      3.82 करोड़ 
30 से 39 वर्ष      3.49 करोड़ 
40 से 49 वर्ष      2.83 करोड़ 
50 से 59 वर्ष      1.90 करोड़ 
60 से अधिक      1.85 करोड़ 

UP Political News की अन्य खबरें पढ़ने के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें