दादरी मामले के आरोपी की मौत के बाद बिसहड़ा में तनाव, जांच के आदेश (Pics)

punjabkesari.in Thursday, Oct 06, 2016 - 07:36 AM (IST)

नोएडा: दिल्ली के एक अस्पताल में दादरी मामले के एक आरोपी की मौत के बाद उसके परिवार ने आरोप लगाया है कि जेल में उसके साथ मारपीट की गई थी। आरोपी की मौत के बाद से उत्तर प्रदेश के बिसहड़ा गांव में तनावपूर्ण हालात बन गए हैं। मौत की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दे दिए गए हैं। 22 वर्षीय रवि उर्फ रॉबिन की कल दिल्ली के लोक नायक जयप्रकाश अस्पताल में मौत हो गई थी। अस्पताल प्रशासन ने मौत की वजह गुर्दे और श्वांस तंत्र का काम नहीं करना बताया था।

उत्तर प्रदेश पुलिस ने दावा किया था कि रवि को तेज बुखार था जो संभवत डेंगू हो सकता है। हालांकि रवि के भाई विक्की का कहना है कि जेल में पुलिस ने उसकी बुरी तरह पिटाई की थी जिसके कारण उसे चोटें आई थीं। वह बुखार से पीड़ित नहीं था। उसने कहा कि हम सचाई जानना चाहते हैं। हमें न्याय चाहिए। हम शव को बिसहड़ा ले जाएंगे। 

दिल्ली की एक स्थानीय अदालत के मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट की निगरानी में आज रवि के शव का पोस्टमार्टम हुआ क्योंकि यह मामला ‘न्यायिक हिरासत में मौत’ का है। गौतमबुद्ध नगर के जिला मेजिस्ट्रेट एन पी सिंह ने मौत की जांच के आदेश दिए हैं।  इधर, बिसहड़ा में हालात तनावपूर्ण बन गए। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का पुतला जलाया और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। रवि के परिवार का आरोप है कि जेल प्रशासन ने उसे अलग सेल में रखा था।

30 सितंबर को कुछ पुलिसकर्मियों ने उसी बुरी तरह पीटा जिसके कारण उसकी हालत बिगड़ गई। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने उत्तर प्रदेश सरकार को नोटिस जारी कर चार हफ्तों के भीतर जवाब मांगा है। बिसहड़ा में अतिरिक्त बल को तैनात किया गया है। दादरी के बिसहड़ा गांव में 51 वर्षीय मोहम्मद अखलाक को गौमांस के सेवन के संदेह में पिछले साल भीड़ ने पीट-पीट कर मार डाला था जिसके बाद क्षेत्र में सांप्रदायिक तनाव हो गया था। भीड़ को संदेह था कि अखलाक गौमांस का सेवन करता है।