लालू में गौ सेवा में आस्था होती तो वह गौ मांस खाने की बात नहीं करते : मोदी

punjabkesari.in Wednesday, Oct 07, 2015 - 08:41 PM (IST)

पटना: बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी ने आज कहा कि यदि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की गौ पालन या गौ सेवा में आस्था होती तो वह गौ मांस खाने की बात नहीं करते। मोदी ने यहां कहा कि यादव जब चारा घोटाले के बाद आय से अधिक सपत्ति के मुकदमें में फंस गए तो अपनी अवैध अर्जित सपति को वैध प्रमाणित करने के लिए डेयरी उद्योग की आड़ में कुछ गायें पाल लिए। गौ-पालन या गौ-सेवा में उनकी आस्था होती तो वह कभी गोमांस खाने की बात नहीं करते। उन्होंने यादव से सवाल किया कि वे बतायें कि उनके बेटे-बेटियों को गोबर से उपला बनाना और दूध दूहना आता है क्या?
 
भाजपा नेता ने कहा कि ‘मांस खाने वालों के लिए गाय और बकरे के मांस में कोई फर्क नहीं होता है’ यह कह कर यादव ने स्वीकार कर लिया है कि वे भी यदाकदा गाय के मांस का भक्षण करते हैं। चारा घोटाले की काली कमाई को वैधता प्रदान करने के लिए ही यादव ने कहानी गढ़ी थी कि उनकी पत्नी राबड़ी देवी को दहेज में जो 4 गायें मिली थी उसी से बढ़कर 40 गायें उनके पास हो गईं और उसी के दूध बेचने से इतनी संपत्ति अर्जित हुई है।