खेतों में काम कर रही महिला के साथ युवकों ने किया दुष्कर्म का प्रयास

punjabkesari.in Saturday, Oct 03, 2015 - 08:34 PM (IST)

बस्ती(विवेक त्रिपाठी): बस्ती जनपद के लालगंज थाना क्षेत्र के साहुपार गांव में दो युवकों ने एक महिला के साथ जबरन दुष्कर्म करने का प्रयास किया, महिला के विरोध करने पर युवकों ने महिला का हाथ पैर बांध कर जमकर पिटाई कर दी, जिसके बाद महिला को गंभीर हालत  में जिला महिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जानकारी के अनुसार छप्पर बनाने के लिए महिला खेत में घास-फूस लाने गई थी। पीड़ित महिला ने कहा दो युवक मुंह पर कपड़ा बांध कर अचानक आ गए और उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश करने लगे, विरोध करने पर जमकर पिटाई कर दी। जिसके बाद पीड़ित महिला बेहोश हो गई।

गांव की एक महिला ने जब पीड़ित महिला को बेहोश हालत में देखा तो शोर मचाना शुरु कर दिया। जिसके बाद ग्रामीणों की मदद से घर वालों ने महिला को अस्पताल पहुंचाया। वहीं बस्ती एसपी कृपा शंकर सिंह पीड़ित महिला को देखने जिला महिला अस्पताल पहुंच गए। एसपी ने कहा की महिला के साथ दो युवकों ने दुष्कर्म का प्रयास किया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी