गार्ड ने बच्ची से की अश्लील हरकत, CCTV में कैद हुई करतूत

punjabkesari.in Sunday, Oct 04, 2015 - 03:08 PM (IST)

लखनऊः राजधानी के चौक इलाके में 5 साल की नाबालिग लड़की के साथ एक सिक्युरिटी गार्ड ने अश्लील हरकत की। उसकी यह हरकत पास में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। मासूम ने रोते-रोते इस घटना की जानकारी अपने परिवारवालों को दी। बच्ची के पिता की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी गार्ड को अरेस्ट कर लिया।मिली जानकारी के अनुसार, ठाकुरगंज का रहने वाला रसीद उर्फ अनीस जल निगम में सिक्युरिटी गार्ड की नौकरी करता है।

गुरुवार देर रात वह ड्यूटी करके अपने घर लौट रहा था। इसी बीच नक्खास की कंजेवाली गली में उसने घर के बाहर खेल रही 5 साल की बच्ची को रोक लिया। उसे कुछ दूर ले जाकर उसके साथ अश्लील हरकत की। उसकी हरकतों से डरी बच्ची रोने लगी। रोने की आवाज सुनकर उसके परिजन भी उठ गए। लेकिन जब तक कोई कुछ समझ पाता आरोपी वहां से भाग गया था। थाना प्रभारी आईपी सिंह ने बताया कि पीड़िता के परिवार की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

जांच के दौरान हमें सीसीटीवी फुटेज मिला। फुटेज के बाद भी आरोपी की पहचान नहीं हो पा रही थी। इसके बाद आसपास की दुकानों पर पुलिस ने उसकी फोटो दिखाकर पहचान करने की कोशिश की। लेकिन पुलिस को ऐसा करने पर भी कोई सफलता नही मिली। जानकारी के मुताबिक, इसके बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ने का प्लान तैयार किया। कई दिन का सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद पता चला कि आरोपी के आने-जाने का यही रास्ता है। इसके बाद गली में एक टीम लगा दी गई। शुक्रवार को आरोपी जब उस गली से गुजरा, तो पुलिस ने उसकी पहचान की और उसे पकड़ लिया।